सोमवार, 24 अगस्त 202608:53:06 AM
Download App
Home/देश

मप्र में फिर मेहरबान मानूसन : अगले तीन दिनों तक होगी धुआंधार बारिश, मौसम विभाग ने 22 जिलों को किया अलर्ट, 8 इंच तक बरसेगा पानी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 24, 2026
07:27 AM
अगले तीन दिनों तक होगी धुआंधार बारिश, मौसम विभाग ने 22 जिलों को किया अलर्ट, 8 इंच तक बरसेगा पानी

भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। इतना ही लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ते दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो सूबे को भारी बारिश से राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आज भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। जो अगले तीन दिनों तक जारी रहेगी।

आज 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। डिंडोरी और बालाघाट में स्थिति सबसे गंभीर रहने का अनुमान है, जहां 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है। दोनों जिलों के लिए अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, निवाड़ी, ओरछा, अशोकनगर और शिवपुरी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में हल्की से तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

इन जिलों में भी जमकर बरसेंगे बादल

जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में भी भारी बारिश के आसार हैं। इसके अलावा रीवा, मऊगंज, सीधी, दमोह, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और छतरपुर में भी तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। राजधानी भोपाल में रविवार रात हुई जोरदार बारिश के बाद मौसम का मिजाज और बदल गया है।

तीन दिन तक जारी रह सकता है तेज बारिश का दौर

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की द्रोणिका, चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। इसका असर अगले कई दिनों तक बने रहने की संभावना है। 27 अगस्त तक मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। पूर्वी जिलों के साथ पश्चिमी हिस्से में भी कई स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।

बारिश तेज, फिर भी तीन इंच पीछे प्रदेश

लगातार बारिश के बावजूद मध्यप्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से कम पानी गिरा है। प्रदेश में अभी तक 629.8 मिलीमीटर यानी करीब 24.8 इंच बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस अवधि तक सामान्य बारिश 707.3 मिलीमीटर यानी लगभग 27.8 इंच होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में करीब तीन इंच बारिश की कमी बनी हुई है।

39 जिलों में बारिश सामान्य से कम

प्रदेश के 39 जिलों में बारिश का आंकड़ा अभी भी सामान्य से नीचे है। कई जिलों में कमी 6 से 50 प्रतिशत तक दर्ज की गई है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभागों में भी बारिश सामान्य से पीछे है। पश्चिमी मध्यप्रदेश के कई जिलों में भी 1 से 48 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।

16 जिलों में मानसून मेहरबान

हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून ने सामान्य से ज्यादा पानी बरसाया है। अनूपपुर, डिंडोरी, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन और राजगढ़ में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। ऐसे में अगले कुछ दिनों की बारिश प्रदेश में बनी कमी को कम करने में अहम साबित हो सकती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें