मंगलवार, 17 नवंबर 202612:15:21 AM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

कलचुरी कलार समाज की एकजुटता का असर : भोपाल में भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन की जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, दादा गुरु सहित कई दिग्गज हुए शामिल

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Nov 16, 2026
10:57 AM
भोपाल में भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन की जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, दादा गुरु सहित कई दिग्गज हुए शामिल

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। हैहय क्षत्रिय कलचुरी यानी कलार समाज के आराध्य देव भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की जयंती के अवसर पर गोविंदपुरा स्थित भेल दशहरा मैदान से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में प्रदेशभर से समाजबंधु शामिल हुए। सैकड़ों दोपहिया वाहन, कार, ट्रैक्टर-ट्रॉली, घोड़ा-बग्घी, बैंड-बाजे, डीजे और डमरू दल आकर्षण का केंद्र रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता और सामूहिक शक्ति का संदेश दिखाई दिया।

दादा गुरु और मंत्री विश्वास सारंग ने दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्य संयोजक डॉ. एल.एन. मालवीया की अगुवाई में आयोजित समारोह में महायोगी दादा गुरु, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और भोपाल की महापौर मालती राय ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के जयकारों से पूरा आयोजन स्थल गूंज उठा। समाज के लोग अपने आराध्य के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए दूर-दूर से पहुंचे। किसी ने दोपहिया वाहन से तो किसी ने कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ शोभायात्रा में सहभागिता निभाई।

श्री सहस्त्रबाहु कलचुरी कलार समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एल.एन. मालवीया ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की जयंती की शुभकामनाएं दीं और समाज की एकजुटता का संदेश दिया।

महायोगी दादा गुरु ने भगवान सहस्त्रबाहु को बताया नर्मदापुत्र

जन्मोत्सव समारोह में मां नर्मदा के परम उपासक अवधूत महायोगी दादा गुरु महाराज की विशेष उपस्थिति रही। उनका स्वागत श्री सहस्त्रबाहु कलचुरी कलार समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एल.एन. मालवीया ने किया। दादा गुरु ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन को नर्मदापुत्र बताते हुए उनके शौर्य, पराक्रम और गौरवशाली परंपरा को याद किया। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा की प्रेरणा से वे इस पावन आयोजन में शामिल होने पहुंचे हैं। दादा गुरु ने अखंड नर्मदा परिक्रमा और शोभायात्रा को समाज की एकता और अखंडता का सूत्रधार बताया। साथ ही कामना की कि मल्हार, कलचुरी और कलार समाज सुख, शांति और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़े।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा भी आयोजन में शामिल हुए और शोभायात्रा की सफलता की कामना की।

सांसद, मंत्री, विधायक और महापौर सहित कई दिग्गज हुए शामिल

भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के जन्मोत्सव में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल की महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, विधायक भगवानदास सबनानी, बीजेपी जिला अध्यक्ष रविंद्र यती, प्रदेश मंत्री राजो मालवीया, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े नेताओं की मौजूदगी ने आयोजन को सामाजिक समरसता का मंच भी बनाया। सभी जनप्रतिनिधियों ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की और समाज की एकजुटता की सराहना की।

सैकड़ों वाहनों के साथ निकली शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने अपनी सहभागिता निभाई। स्कूल, मोटरसाइकिल, कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ लोग आयोजन का हिस्सा बने। घोड़ा-बग्घी, बैंड-बाजे, डीजे, डमरू दल और समाज के ध्वजों ने शोभायात्रा को भव्य स्वरूप दिया।

इस आयोजन को सफल बनाने में एच.पी. शिवहरे, डॉ. अनुपम चौकसे, श्रीमती कल्पना राय, राजाराम शिवहरे, कौशल राय, राजन सेबईवार, अर्जुन जायसवाल और मनीष राय सहित समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई। समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय नजर आए।

इन मार्गों से होकर गुजरी शोभायात्रा

भेल दशहरा मैदान से शुरू हुई शोभायात्रा चेतक ब्रिज, बोर्ड ऑफिस चौराहा, नानके पेट्रोल पंप, माता मंदिर चौराहा और कलार तिराहा होते हुए कलचुरी भवन पहुंची। पूरे मार्ग में जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे। समाजबंधुओं और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और जयकारों के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। कहीं फूलों की वर्षा हुई तो कहीं भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की आरती उतारकर श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की। बैंड-बाजों की गूंज, डीजे की धुन और लहराते ध्वजों के बीच पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कलचुरी भवन में हुआ शोभायात्रा का समापन, डॉ. मालवीया ने जताया आभार

भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन के जन्मोत्सव पर निकाली गई विशाल शोभायात्रा का समापन कलचुरी भवन में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजन की सफलता पर मुख्य संयोजक डॉ. एल.एन. मालवीया सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और सहभागियों का आभार व्यक्त किया।समापन अवसर पर डॉ. एल.एन. मालवीया ने कहा कि कलचुरी समाज के इस मंच पर महायोगी दादा गुरु सहित कई संत-महात्माओं, मंत्रियों, नेताओं, विधायकों और महापौर ने अपना अमूल्य समय देकर कार्यक्रम को नया आयाम दिया। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी अतिथियों, समाजबंधुओं और सहयोगियों के प्रति कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर डॉ. एल.एन. मालवीया के साथ पंकज चोकसे, समाज प्रमुख, संजय पारे (काली शर्ट), समाज प्रमुख, पंकज राय, समाज प्रमुख और विपीन चोकसे, समाज प्रमुख सहित समाज के अन्य वरिष्ठजनों ने भी आयोजन की सफलता पर सभी का आभार व्यक्त किया। भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन की जयंती पर आयोजित यह भव्य समारोह धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बना। भोपाल में निकली इस विशाल शोभायात्रा ने कलचुरी कलार समाज की एकजुटता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें