बुधवार, 23 सितंबर 202612:02:41 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

एशियन गेम्स में भारत का जोरदार प्रदर्शन! : स्कीट में कांस्य, अनंत जीत फाइनल में पहुंचे, मनु भाकर का पदक सपना टूटा

admin

admin

Sep 23, 2026
04:48 AM
स्कीट में कांस्य, अनंत जीत फाइनल में पहुंचे, मनु भाकर का पदक सपना टूटा

आइची नागोया। एशियन गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने कई खेलों में अपनी चुनौती पेश की। शूटिंग में भारत ने पुरुषों की स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया, जबकि अनंत जीत सिंह नारूका ने व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाकर पदक की उम्मीद कायम रखी। दूसरी ओर, महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मनु भाकर पांचवें स्थान पर रहकर पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम चीन के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में उतरेगी। वहीं, कबड्डी और तलवारबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।

स्कीट टीम स्पर्धा में भारत को कांस्य

भारत ने पुरुषों की स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। अनंत जीत सिंह नारूका, मीराज अहमद खान और भवतेघ सिंह गिल की भारतीय टीम ने यह उपलब्धि हासिल की। इसके अलावा अनंत जीत सिंह ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी प्रवेश किया है। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 119 अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया। शीर्ष स्थान से वह केवल एक अंक पीछे रहे।

मीराज अहमद खान 12वें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना सके। वहीं, भवतेघ सिंह गिल ने 111 अंक के साथ 43 निशानेबाजों में 29वां स्थान हासिल किया। व्यक्तिगत स्पर्धा में शीर्ष नौ निशानेबाज फाइनल के लिए चुने गए।

मनु भाकर का फाइनल में पदक से चूकना

महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारतीय निशानेबाज मनु भाकर को पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा। उन्होंने 181.1 अंक बनाए और 18वें शॉट के बाद प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। शुरुआती दौर में उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा, लेकिन बाद में उन्होंने वापसी करते हुए तीसरे स्थान तक पहुंच बनाई।

हालांकि, 18वें शॉट में 9.6 अंक हासिल करने के बाद वह पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। दक्षिण कोरिया की चो गाउन ने 246.3 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता और नया एशियाई रिकॉर्ड बनाया। चीन की शेन यियाओ को रजत तथा जियांग रानशिन को कांस्य पदक मिला। मनु भाकर के पास अब 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में चुनौती पेश करने का अवसर रहेगा।

तलवारबाजी में अंतिम-32 में पहुंचे भारतीय खिलाड़ी

पुरुषों की व्यक्तिगत सेबर स्पर्धा में करण सिंह और गिशो निधि कुमारेशन ने पूल चरण पार कर अंतिम-32 में जगह बनाई। कुमारेशन छह खिलाड़ियों वाले पूल में तीसरे और करण सिंह पांच खिलाड़ियों वाले पूल में पांचवें स्थान पर रहे। अब कुमारेशन का सामना लाओस के क्वेंटिन ज्योफ्रोय से, जबकि करण सिंह का मुकाबला चीन के शाओतोंग लुओ से होगा।

महिला कबड्डी में ईरान पर शानदार जीत

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ग्रुप ए के मुकाबले में ईरान को 37-23 से हराया। शुरुआत में कुछ अस्थिरता के बाद भारतीय टीम ने लय हासिल की और मुकाबले में बढ़त बनाए रखी। इससे पहले भारत ने बांग्लादेश को 42-21 से शिकस्त दी थी।

बैडमिंटन और रोइंग पर भी नजर

भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम चीन के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में उतरेगी। इसके साथ ही रोइंग में भी भारतीय खिलाड़ी अपनी चुनौती जारी रखेंगे। वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू के प्रदर्शन पर भी देश की नजरें टिकी हैं। पांचवें दिन भारतीय दल का लक्ष्य विभिन्न खेलों में पदक की संभावनाओं को मजबूत करना रहेगा।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें