ट्विशा केस में बड़ा एक्शन : गिरिबाला सिंह के घर सीबीआई की रेड जैसी कार्रवाई, 30 मिनट तक खंगाले सबूत

भोपाल। राजधानी के भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब जांच ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। केस अपने हाथ में लेने के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई ) ने पहले ही दिन बड़ा कदम उठाते हुए आरोपी सास गिरिबाला सिंह के घर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीबीआई अधिकारियों की टीम तीन गाड़ियों में मौके पर पहुंची और करीब 30 मिनट तक घर के भीतर रहकर हर पहलू की बारीकी से जांच की। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
क्राइम सीन का बारीकी से निरीक्षण
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई टीम ने घर के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े संभावित सबूत जुटाए। जांच एजेंसी यह समझने की कोशिश कर रही है कि ट्विशा की मौत से पहले घर में क्या हुआ था और किन परिस्थितियों में यह घटना घटी। टीम में दो महिला अधिकारी भी शामिल थीं, जिन्होंने घर में मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी एकत्र की।
हालांकि जांच पूरी होने के बाद ब्ठप् अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और बिना कोई बयान दिए वहां से रवाना हो गए। लेकिन एजेंसी की सक्रियता ने यह साफ कर दिया है कि अब मामले की गहराई से पड़ताल की जाएगी।
एफआईआर में पति और सास नामजद
सीबीआई ने सोमवार को राज्य पुलिस द्वारा पहले से दर्ज एफआईआर को दोबारा दर्ज किया है। इसमें ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है। एजेंसी ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 और 3(5) के साथ दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं को भी शामिल किया है।
एफआईआर के अनुसार घटना की रात रात 9ः41 बजे ट्विशा ने अपनी मां से फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान पृष्ठभूमि में पति समर्थ सिंह के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी थी, जिसके कुछ देर बाद फोन अचानक कट गया। परिवार का आरोप है कि बाद में जब उन्होंने दोबारा कॉल किया तो गिरिबाला सिंह ने फोन उठाकर केवल इतना कहा कि “वह अब इस दुनिया में नहीं रही” और कॉल काट दिया।
शरीर पर मिले जख्मों ने बढ़ाया शक
ट्विशा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को और गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट में मौत का कारण फंदे से लटकना बताया गया है, लेकिन शरीर के अन्य हिस्सों पर कई चोटों के निशान मिलने से संदेह गहरा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक ये चोटें किसी भारी या भोथरी वस्तु से लग सकती हैं और ये मौत से पहले की हैं। अब सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि क्या ट्विशा को प्रताड़ित किया गया था या उनके साथ किसी बड़ी साजिश को अंजाम दिया गया।
दहेज और प्रताड़ना के आरोप
ट्विशा के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था। इसी वजह से उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। परिवार का दावा है कि पैसों के लेन-देन को लेकर भी घर में विवाद चलता था, जिसने स्थिति को और बिगाड़ दिया।
अब पूरे मामले पर सबकी नजर सीबीआई जांच पर टिकी है, जिससे ट्विशा मौत की असली सच्चाई सामने आने की उम्मीद बढ़ गई है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
