मंगलवार, 26 मई 202608:41:46 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश की बड़ी खबरें : पन्ना में बड़ा हादसा, ग्वालियर में मासूम के साथ हैवानियत, ट्विशा केस में CBI की रेड और सिंगरौली में सियासी घमासान

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

May 26, 2026
01:11 PM
पन्ना में बड़ा हादसा, ग्वालियर में मासूम के साथ हैवानियत, ट्विशा केस में CBI की रेड और सिंगरौली में सियासी घमासान

मध्यप्रदेश की बड़ी और चर्चित खबरें

पन्ना में कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में मंगलवार सुबह कुएं की खुदाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक कुएं की मिट्टी धंसने से 7 मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 2 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि पिछले 10 दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

ग्वालियर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात

ग्वालियर में 11 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के ताऊ ने ही उसके साथ हैवानियत की। आरोपी ने बच्ची के मुंह में रुमाल ठूंसकर वारदात को अंजाम दिया। मामला करीब 12 दिनों तक दबा रहा, लेकिन बच्ची के पेट में दर्द होने पर घटना का खुलासा हुआ। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में CBI की रेड

पूर्व जज गिरबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में अब सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को CBI की टीम भोपाल पहुंची और तीन गाड़ियों में ट्विशा के पति समर्थ सिंह के घर पर दबिश दी। अधिकारियों ने घर में जांच-पड़ताल की और इसके बाद टीम वहां से रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि CBI अफसर आगे की जांच के लिए कटरा हिल्स थाने भी पहुंचेंगे।

सिंगरौली में युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह परमार के सिंगरौली दौरे से राजनीतिक माहौल गर्मा गया। वे NEET परीक्षा में कथित धांधली और स्थानीय स्तर पर आयोजित सिंगरौली महोत्सव के विरोध को लेकर पहुंचे थे। उनके आगमन के बाद जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई और कांग्रेस ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें