पन्ना में दर्दनाक हादसा : कुंए की खुदाई के दौरान धंसी मिट्टी, 5 मजदूरों की गई जान, गांव में पसरा मातम

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बीहरपुरवा के नयापुरवा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है।
10 दिनों से चल रही थी कुएं की खुदाई
जानकारी के अनुसार, बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले लगभग 10 दिनों से सात मजदूर कुएं की खुदाई का कार्य कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मजदूर काम में लगे हुए थे। इसी दौरान दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए थे, तभी अचानक कुएं की दीवारों की मिट्टी भरभराकर नीचे गिर गई और अंदर काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।
मृतकों की पहचान और रेस्क्यू कार्य
हादसे में दबे मजदूरों में चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल के नाम सामने आए हैं। रेस्क्यू अभियान के दौरान राजकुमार यादव का शव सबसे पहले बाहर निकाला गया। बाकी मजदूरों की तलाश और बचाव कार्य लगातार जारी रहा, लेकिन पांच मजदूरों की जान नहीं बचाई जा सकी।
प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाया गया, हालांकि भुरभुरी मिट्टी और लगातार धंसाव ने काम को मुश्किल बना दिया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
