रविवार, 9 अगस्त 202608:04:41 AM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश : मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों के साथ की समीक्षा

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

Aug 08, 2026
05:54 AM
मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों के साथ की समीक्षा

मुंगेली। रिपोर्टर—प्रीतम दिवाकर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ वर्चुअल बैठक कर शासन की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, पारस पोर्टल, एग्रीस्टैक पंजीयन, सेवा सेतु पोर्टल, ग्रामीण अधोसंरचना विकास सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। मुंगेली जिला कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से कलेक्टर कुन्दन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में शामिल हुए।

सीएम हेल्पलाइन को बताया आम लोगों और सरकार के बीच विश्वास का माध्यम

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज नागरिकों की शिकायतों का समय-सीमा के भीतर संवेदनशीलता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन और आम नागरिकों के बीच विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है। शिकायतों के समाधान में लगातार सुधार करते हुए लोगों को जल्द राहत पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

एग्रीस्टैक और सेवा सेतु की भी हुई समीक्षा

बैठक में एग्रीस्टैक के अंतर्गत किसानों के शत-प्रतिशत पंजीयन को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को सरकारी सेवाएं आसानी और प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की गई। ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की स्वीकृति और उनकी प्रगति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।

स्कूलों और छात्रावासों में किचन गार्डन पर जोर

मुख्यमंत्री ने स्कूलों, आश्रमों और छात्रावासों में पोषण वाटिका एवं किचन गार्डन विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और इनके लाभ को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने लंबित सीमांकन मामलों के जल्द निराकरण के दिए निर्देश

बैठक के बाद मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के संबंधित अधिकारियों को राजस्व सीमांकन के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को निर्धारित सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

वर्चुअल बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें