बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री का किसानों को संदेश : खेती को तकनीक, प्रसंस्करण और बाजार से जोड़कर बढ़ाएं आमदनी

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खेती-किसानी का भविष्य उज्जवल है, लेकिन बदलते समय के साथ किसानों को अपनी कृषि पद्धतियों में भी बदलाव लाना होगा। नई तकनीक, फसल विविधीकरण, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों को अपनाकर किसान अपनी आमदनी के नए रास्ते खोल सकते हैं। मुख्यमंत्री ने यह बात सीधी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को भोपाल स्थित मंत्रालय से वर्चुअली संबोधित करते हुए कही। उन्होंने किसानों को श्रीअन्न, उद्यानिकी, पशुपालन और कृषि प्रसंस्करण से जुड़ने का संदेश दिया।
सीधी में मिलेट उत्पादन को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीधी जिला मिलेट उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां कोदो, कुटकी, सांवा, मिजरी और काकुन जैसी पारंपरिक फसलें लंबे समय से उगाई जाती हैं। ये फसलें जिले की संस्कृति और ग्रामीण जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं।
उन्होंने बताया कि श्रीअन्न को प्रोत्साहित करने के लिए सीधी में करीब 2 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में रागी और लगभग ढाई हजार हेक्टेयर में कोदो की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि मिलेट उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों को फसल के प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बाजार से भी जोड़ा जाए, ताकि उन्हें उत्पाद का बेहतर मूल्य मिल सके और आय के नए अवसर पैदा हों।
किसानों को समय पर पंजीयन कराने की सलाह
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। कृषि ऋण चुकाने की व्यवस्था किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए समय रहते पंजीयन कराएं, जिससे उपार्जन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
दुग्ध उत्पादन और महिला उद्यमिता पर जोर
डॉ. यादव ने किसानों को दुग्ध उत्पादन से जुड़कर आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि सीधी जिले में पिछले छह महीनों के दौरान महिला समूहों ने 24 क्विंटल महुआ लड्डू और 5 क्विंटल महुआ बिस्किट बेचकर लगभग 13 लाख रुपये की आमदनी अर्जित की है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए महिला उद्यमियों को बधाई दी और ग्रामीण उत्पादों को बाजार से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विकास योजनाओं और सेवा अभियान से जुड़ने का संदेश
मुख्यमंत्री ने किसानों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर संचालित सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 25 सितंबर से मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा का संचालन शुरू किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक कुंवर सिंह टेकाम, विश्वामित्र पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, कलेक्टर विकास मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल और मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई भी उपस्थित थे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
