विदिशा में जान जोखिम में डालकर स्कूल जा रहे बच्चे : उफनती बेतवा पर स्टॉप डैम पार कर स्कूल पहुंच रहे बच्चे, VIDEO वायरल; प्रशासन ने लिया संज्ञान

विदिशा।मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां बारिश के बीच बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती बेतवा नदी के स्टॉप डैम को पार कर स्कूल पहुंच रहे हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
उफनती नदी के बीच स्टॉप डैम पार करते दिखे बच्चे
मामला विदिशा जिले के ग्राम पलोह का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में स्कूली छात्र-छात्राएं बेतवा नदी के स्टॉप डैम को पार करते नजर आ रहे हैं। नदी में पानी का बहाव तेज है और बच्चे डैम पर छलांग लगाते हुए दूसरी तरफ पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।बारिश के मौसम में नदी और आसपास के जलस्त्रोतों का जलस्तर बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों का इस तरह स्टॉप डैम पार करना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है।
लंबा रास्ता बचाने के लिए उठाते हैं जोखिम
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पलोह से सड़क मार्ग के जरिए स्कूल पहुंचने के लिए बच्चों को करीब 5 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता है। वहीं, स्टॉप डैम के रास्ते स्कूल की दूरी एक किलोमीटर से भी कम रह जाती है।
इसी वजह से बच्चे लंबा रास्ता तय करने के बजाय शॉर्टकट के तौर पर स्टॉप डैम पार करके स्कूल पहुंचते हैं। हालांकि बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर यही रास्ता बच्चों के लिए बेहद खतरनाक हो जाता है।
VIDEO वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में
बच्चों के नदी पार करने का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है। प्रशासन की ओर से बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें स्कूल आने-जाने के लिए जल्द ही साइकिल उपलब्ध कराने की बात कही गई है। प्रशासन के इस कदम से बच्चों को खतरनाक स्टॉप डैम पार करने से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बारिश के मौसम में बच्चों की सुरक्षा के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की जरूरत भी महसूस की जा रही है।
बड़ा सवाल- सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान कब?
बच्चों का इस तरह उफनती नदी के ऊपर बने स्टॉप डैम को पार करना सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। सवाल यह है कि जब प्रशासन को बच्चों के इस रास्ते से स्कूल जाने की जानकारी है, तो बारिश के मौसम में उनकी सुरक्षा के लिए पहले से इंतजाम क्यों नहीं किए गए?
फिलहाल वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने साइकिल देने का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था कितनी जल्द जमीन पर उतरती है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
