मंगलवार, 21 जुलाई 202604:48:04 PM
Download App
Home/देश

मप्र विधानसभा में यूसीसी बिल पास : सीएम मोहन ने ऐतिहासिक कदम बता विपक्ष पर किया करारा प्रहार, कहा- भगवान की नजर में सब एक

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 21, 2026
10:31 AM
सीएम मोहन ने ऐतिहासिक कदम बता विपक्ष पर किया करारा प्रहार, कहा- भगवान की नजर में सब एक

भोपाल। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पर मप्र सरकार को बड़ी कामयाबी मिल गई है। विपक्ष के भारी हंगामे, नारेबाजी और तीखी नोकझोंक के बीच यूसीसी बिल विधानसभा में भारी बहुमत के साथ पास हो गया है। यूसीसी बिल पारित होने के साथ ही मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात और असम के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का चैथा राज्य बन गया है। यूसीसी बिल पास होने के दौरान एक ओर जहां विपक्ष जमकर हंगामा कर रहा था, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए विपक्ष पर जमकर प्रहार किया।

सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने कहा, जो हिंदू की बात करेगा, वही राज करेगा, साथ ही जोर दिया कि देश और प्रदेश एक संविधान और समान कानून की भावना से चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समानता भारतीय संस्कृति का मूल आधार है और भगवान की नजर में सभी समान हैं, तो कानून भी सभी नागरिकों के लिए एक जैसा होना चाहिए। उन्होंने कहा, राम से रहीम तक, रविंद्र से रॉबिन तक, अमर से एंथोनी और अकबर तक, देश एक संविधान से चले। उनके मुताबिक, यूसीसी लागू होने से मध्यप्रदेश में भेदभाव समाप्त होगा और राज्य गोवा, उत्तराखंड और असम के बाद इस दिशा में कदम बढ़ाने वाले राज्यों में शामिल हो जाएगा।

कांग्रेस पर तीखा हमला, सदन में गूंजे नारे

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खाने के दांत अलग और दिखाने के अलग हैं। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि यदि वह बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान का सम्मान करती है तो इस विधेयक का समर्थन क्यों नहीं करती।

विवाह पंजीयन अनिवार्य, बहुविवाह पर सख्ती

डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि यूसीसी लागू होने के बाद सामाजिक और धार्मिक परंपराओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन सभी विवाहों का सरकारी पंजीयन अनिवार्य होगा। पंजीयन नहीं कराने पर जुर्माने का प्रावधान रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि एक पत्नी या एक पति के रहते दूसरा विवाह मान्य नहीं होगा।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश के 93 प्रतिशत लोगों ने यूसीसी का समर्थन किया है और इसे महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता तथा समान अधिकारों की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उसकी सोच ऐसी है कि वह सीधी बात को भी तिरछी नजर से देखती है।

मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद का संशोधन प्रस्ताव खारिज कर दिया। विपक्ष के लगातार विरोध और नारेबाजी के बीच समान नागरिक संहिता (संशोधन) विधेयक ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इसके साथ ही मध्यप्रदेश समान नागरिक संहिता लागू करने वाले राज्यों की सूची में शामिल हो गया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें