बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, : पंजाब पुलिस ने 17 दहशतगर्दों को दबोचा, पुलिस स्टेशन ट्रेनों को दहलाने की थी योजना, यूके में बैठा है मॉड्यूल मास्टरमाइंड

चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा करते हुए मोगा जिले में 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और मैगजीन सहित 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों की योजना पुलिस स्टेशन पर हमला करने और एक यात्री ट्रेन को निशाना बनाने की थी। फिलहाल पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
यूके से संचालित हो रही थी साजिश
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि इस पूरे मॉड्यूल का कथित मास्टरमाइंड इकबाल सिंह उर्फ रवि धालीवाल है, जो फिलहाल यूनाइटेड किंगडम (यूके) में मौजूद है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, उसी के निर्देश पर गिरफ्तार आरोपियों ने मोगा के सदर पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमला किया था और फिरोजपुर से जम्मू जाने वाली ट्रेन में प्म्क् लगाने की साजिश रची थी।
पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क विदेश से संचालित होकर पंजाब में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। इस मामले में मोगा के सदर पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों से एक आईईडी, विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और मैगजीन के साथ 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल बरामद की। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार और विस्फोटक कहां से लाए गए और इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए हेल्पलाइन शुरू
इस बीच पंजाब पुलिस ने अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर लगाम लगाने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन भी शुरू की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वांछित अपराधियों या गैंगस्टरों से जुड़ी कोई भी जानकारी सीधे 93946-93946 नंबर पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
डीजीपी ने बताया कि गैंगस्टरों की गिरफ्तारी में मददगार साबित होने वाली सूचना देने वालों को 10 लाख रुपये तक का नकद इनाम भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस आतंकवाद, संगठित अपराध और देश-विरोधी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और प्रदेश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
