आयुर्वेद दिवस : सीएम मोहन ने दी करोड़ों के विकास परिजनाओं की सौगात, बोले- आयुर्वेद केवल उपचार पद्धति नहीं, रसोई का भी किया जिक्र

भोपाल। ख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान में 11 वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान राज्य मंत्री कृष्णा गौर और विधायक भगवान दास सबनानी भी मौजूद रहे। आयुष विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने की। राज्यस्तरीय कार्यक्रम से सीएम मोहन ने आयुष विभाग के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया।
‘आयुर्वेद की शुरुआत घर की रसोई से होती है’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम डाॅ. यादव ने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा है। इसकी शुरुआत घर की रसोई से होती है। उन्होंने भारतीय चिकित्सा परंपरा के महत्व को रेखांकित करते हुए आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।

184 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 184 करोड़ रुपये की लागत से 25 आयुष भवनों और अस्पतालों के विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। इसके साथ ही डिंडोरी में चिकित्सा महाविद्यालय की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य आयुष चिकित्सा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
1916 से आज तक आयुर्वेद का विस्तार
सीएम ने प्रदेश में आयुर्वेदिक संस्थानों के विकास का इतिहास बताते हुए कहा कि वर्ष 1916 में ग्वालियर में पहला आयुर्वेदिक भवन बनाया गया था। इसके बाद 1972 में जबलपुर, उज्जैन और इंदौर में तीन आयुर्वेदिक भवन स्थापित किए गए। वर्ष 1995 में पंडित खुशीलाल आयुर्वेदिक महाविद्यालय की स्थापना हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद नौ आयुर्वेदिक महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं। उन्होंने आयुष क्षेत्र के बजट में 16 गुना वृद्धि किए जाने का भी उल्लेख किया।

आयुर्वेद प्रदर्शनी और औषधीय पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धति की जानकारी देने के लिए विशेष आयुर्वेद प्रदर्शनी लगाई भी लगाई गई। इसमें आयुर्वेद से जुड़ी उपयोगी जानकारियों और स्वास्थ्य संवर्धन के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने के उद्देश्य से औषधीय पौधारोपण भी किया गया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
