बुधवार, 14 अक्टूबर 202611:26:32 PM
Download App
Home/देश

मप्र में 2027 होगा युवा वर्षः : सीएम मोहन का बड़ा ऐलान, 55 जिलों के युवा करेंगे विकास योजनाओं की निगरानी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 14, 2026
10:54 AM
सीएम मोहन का बड़ा ऐलान, 55 जिलों के युवा करेंगे  विकास योजनाओं की निगरानी

भोपाल। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में चयनित सीएम फेलोज के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्लोबल विलेज फाउंडेशन और सुशासन संस्थान के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का ऐलान किया। साथ ही युवाओं को नवाचार के लिए तत्पर रहने और परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता विकसित करने तथा किताबी ज्ञान के साथ-साथ अनुभव को भी महत्व देने की सलाह दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। प्रदेश के युवाओं की भूमिका विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 55 जिलों से चयनित युवा मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत सरकारी योजनाओं की निगरानी और उनके मूल्यांकन में योगदान देंगे।

55 जिलों के युवा करेंगे योजनाओं का मूल्यांकन

मुख्यमंत्री ने कहा कि चयनित युवा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन का जमीनी स्तर पर आकलन करेंगे। इससे योजनाओं की कमियों की पहचान करने और उनमें आवश्यक सुधार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने दायित्व को केवल नौकरी तक सीमित न रखें, बल्कि आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को समझने पर भी जोर दिया।

2025 रोजगार, 2026 किसान कल्याण और 2027 युवा वर्ष

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने अलग-अलग वर्षों के लिए विशेष प्राथमिकताएं तय की हैं। वर्ष 2025 को रोजगार एवं निवेश, वर्ष 2026 को किसान कल्याण और वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की योजना है। युवा वर्ष के दौरान युवाओं के लिए सालभर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

विनम्रता और संवाद को बताया सफलता का आधार

डॉ. यादव ने युवाओं को आत्मविश्वास, विनम्रता और बेहतर संवाद शैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लेख करते हुए युवाओं से प्रेरणा लेने को कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और इसरो की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने नवाचार तथा चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करने पर भी जोर दिया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें