गुरुवार, 8 अक्टूबर 202611:45:37 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

स्वामित्व कार्ड और आवास की चाबी मिली : दुर्ग को CM विष्णुदेव साय की 218 करोड़ की सौगात, महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Oct 08, 2026
12:06 PM
दुर्ग को CM विष्णुदेव साय की 218 करोड़ की सौगात, महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी

दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में सेवा सप्ताह अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दुर्ग पहुंचे, जहां उन्होंने सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत जिले को करीब 218 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त भी ऑनलाइन माध्यम से महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की।

दुर्ग को 218 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यों के साथ शहर और जिले के विकास के लिए करीब 218 करोड़ रुपये के कार्यों की सौगात दी गई। कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया गया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं और विभागों में बेहतर कार्य करने वाले लोगों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। बाढ़ के दौरान राहत और बचाव कार्य में बेहतर भूमिका निभाने वाले विभागीय अधिकारियों और SDRF के जवानों का भी सम्मान किया गया।

महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश की महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत अब तक महिलाओं को बड़ी राशि का भुगतान किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र श्रमिकों के खातों में भी 3 करोड़ 64 लाख रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।

हितग्राहियों को मिले स्वामित्व कार्ड और आवास की चाबी

कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड वितरित किए गए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार मकानों के हितग्राहियों को गृह प्रवेश के लिए चाबी सौंपी गई।

इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया गया।

रिसाली के 40 वार्डों के विकास पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रिसाली के 40 वार्डों में विकास कार्यों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचे और स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।

सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत अलग-अलग स्थानों पर समाधान शिविर आयोजित किए गए, जहां लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके तत्काल निराकरण का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में ये नेता रहे मौजूद

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, जितेंद्र वर्मा, प्रेम प्रकाश पांडे समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का किया जिक्र

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी और करीब 13 वर्षों तक गुजरात का नेतृत्व किया। इसके बाद देश की जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में लगातार तीसरी बार जनादेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को देशभर में सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना है।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें