छत्तीसगढ़ में आज की बड़ी खबरें : शाह के दौरे की तैयारियां, कांग्रेस कैंप की तारीख तय और बारिश

छत्तीसगढ़ की प्रमुख ख़बरें
कांग्रेस के 41 जिला अध्यक्षों को मिलेगा प्रशिक्षण
कांग्रेस छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी के नवनियुक्त 41 जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए जून महीने के दूसरे पखवाड़े में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में वरिष्ठ नेता संगठन की कार्यप्रणाली, चुनावी रणनीति और कांग्रेस की विचारधारा पर प्रशिक्षण देंगे। नवंबर 2025 में नियुक्ति के बाद यह पहला बड़ा संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम का मिजाज बदला नजर आया। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
19 मई को बस्तर दौरे पर अमित शाह
अमित शाह 19 मई को बस्तर दौरे पर रहेंगे। यहां मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। बैठक को लेकर विष्णु देव साय ने अधिकारियों को जरूरी जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। बैठक मे सुरक्षा, विकास और राज्यों के समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
