क्या हो रहा मध्यप्रदेश मे? जानिए आज की प्रमुख खबरे : बीजेपी मे अनुशासन पर सख्ती, भोजशाला मे शुरू हुई पूजा, कांग्रेस ने संभागीय सम्मेलन की तैयारी तेज की

पीएम मोदी की अपील के बाद बीजेपी मे अनुशासन पर सख्ती
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री की अपील को लेकर सरकार और संगठन पूरी तरह गंभीर हैं। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और सभी नेताओं को इसका पालन करना होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पीएम मोदी की अपील के बावजूद रैलियों और आयोजनों में शक्ति प्रदर्शन करने वाले सात नेताओं को 17 मई को पार्टी ने तलब किया है। इनमें महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव, सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पंकज जोशी, उपाध्यक्ष राकेश जादौन, किसान मोर्चा देवास के अध्यक्ष टिकेंद्र प्रताप सिंह और लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण शामिल हैं। बीजेपी के इस कदम को संगठन में अनुशासन मजबूत करने और नेताओं को स्पष्ट संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है।
भोजशाला पर हाईकोर्ट के फैसले के बाद शुरू हुई पूजा
इधर धार स्थित भोजशाला को लेकर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच के फैसले के बाद माहौल धार्मिक उत्साह से भर गया है। कोर्ट ने अपने फैसले में भोजशाला परिसर को मंदिर मानते हुए इसे माँ सरस्वती यानी वाग्देवी का धार्मिक स्थल बताया। फैसले के अगले ही दिन शनिवार सुबह यहां पूजा-अर्चना शुरू हो गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोजशाला पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठान किए। फैसले के बाद हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
कांग्रेस भी चुनावी तैयारी में जुटी
वही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भी आगामी चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने कार्यकर्ताओं को आगामी भूमिका के लिए तैयार करने हेतु संभागीय सम्मेलन आयोजित करने का फैसला लिया है। सूत्रों के मुताबिक जून के अंत में रीवा या उज्जैन में बड़े सम्मेलन का आयोजन किया जा सकता है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। इस दौरान वे प्रदेश से लेकर पंचायत स्तर तक के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके साथ ही राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आगामी चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
