Ananya Pandey : भरतनाट्यम फ्यूजन डांस पर विवाद, चंकी पांडे ने किया बेटी का बचाव

मुंबई: एक्ट्रेस अनन्या पांडे की आने वाली फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ का एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बन गया है। वीडियो में अनन्या भरतनाट्यम से प्रेरित फ्यूजन डांस करती नजर आ रही हैं, जिसमें हिप-हॉप और लॉकिंग जैसे मॉडर्न डांस स्टाइल भी शामिल हैं।

क्लासिकल डांसर्स ने जताई आपत्ति
इस वीडियो के सामने आने के बाद कई क्लासिकल डांसर्स ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि शास्त्रीय नृत्य जैसे भरतनाट्यम को बिना सही प्रशिक्षण और समझ के इस तरह पेश करना उसकी गरिमा को प्रभावित करता है। पद्म विभूषण से सम्मानित भरतनाट्यम कलाकार सोनल मानसिंह ने कहा कि शास्त्रीय कलाओं को केवल मनोरंजन के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इनके पीछे की परंपरा और अनुशासन का सम्मान जरूरी है। वहीं, पद्म श्री सम्मानित डांसर प्रतिभा प्रह्लाद ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भरतनाट्यम केवल एक डांस फॉर्म नहीं बल्कि एक गहरी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा है, जिसे सही तरीके से प्रस्तुत किया जाना चाहिए।
वायराल वीडियो में दिखा फ्यूज़न डांस
वायरल क्लिप में अनन्या पांडे भरतनाट्यम की बेसिक मुद्राओं के साथ आधुनिक डांस स्टाइल का फ्यूज़न करती नजर आती हैं। इसी फ्यूजन परफॉर्मेंस को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है, कुछ लोग इसे क्रिएटिव बता रहे हैं, तो कुछ इसे गलत मान रहे हैं।
ट्विटर पर यूजर @BellamSwathi ने यह वीडियो शेयर किया है.. देखें वीडियो Ananya Pandey
चंकी पांडे ने किया बेटी का समर्थन
विवाद बढ़ने के बाद अभिनेता और अनन्या पांडे के पिता चंकी पांडे ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोगों ने इस वीडियो को गलत संदर्भ में देखा है। चंकी पांडे के अनुसार, यह परफॉर्मेंस शुद्ध भरतनाट्यम के रूप में प्रस्तुत नहीं किया गया है, बल्कि यह एक फ्यूजन डांस एक्ट है, जैसा अक्सर कॉलेज फेस्ट या फिल्मों में देखने को मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि भरतनाट्यम एक बेहद कठिन कला है, जिसे सीखने में वर्षों की मेहनत लगती है, और फिल्म में इसे उसी तरह पेश करने का दावा नहीं किया गया है।
“कॉन्टेक्स्ट समझना जरूरी"
चंकी पांडे ने लोगों से अपील की कि किसी भी वायरल क्लिप को उसके पूरे संदर्भ के बिना जज न करें। उनका कहना है कि यह डांस फिल्म की कहानी के एक खास हिस्से का हिस्सा है और इसे उसी नजर से देखा जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर जारी बहस
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसे भारतीय क्लासिकल आर्ट का गलत रूप बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे नई पीढ़ी की क्रिएटिव एक्सप्रेशन के तौर पर देख रहे हैं।
ऋषिका जैन
दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।
