शनिवार, 14 नवंबर 202612:07:11 AM
Download App
Home/मनोरंजन

पिता के नक्शेकदम पर नहीं चलीं दीपिका : 16 की उम्र में ही देख लिया था अभिनेत्री बनने का सपना, मां से उधार लिए थे 10 हजार रुपये

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 12, 2026
11:16 AM
16 की उम्र में ही देख लिया था अभिनेत्री बनने का सपना, मां से उधार लिए थे 10 हजार रुपये

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण आज हिंदी सिनेमा की सफल और लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उन्होंने अपने अभिनय और मेहनत के दम पर फिल्म जगत में अलग पहचान बनाई है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने महज 16 साल की उम्र में ही अभिनेत्री बनने का फैसला कर लिया था। अपने इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने मां से 10 हजार रुपये उधार भी लिए थे। दीपिका ने हाल ही में अपने शुरुआती संघर्ष और अभिनय के प्रति लगाव से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं।

पिता के नक्शेकदम पर नहीं चलीं दीपिका

दीपिका के पिता प्रकाश पादुकोण देश के दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। एक बातचीत के दौरान दीपिका ने बताया कि उनके पिता ने उस दौर में बैडमिंटन खेला, जब देश में इस खेल को पेशे के रूप में अपनाने वाले बहुत कम लोग थे।

उस समय ज्यादातर परिवार अपने बच्चों को डॉक्टर या वकील बनाना चाहते थे, लेकिन उनके पिता ने खेल की दुनिया में अपनी पहचान बनाई। जब दीपिका से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी अपने पिता की तरह बैडमिंटन खिलाड़ी बनने के बारे में सोचा था, तो उन्होंने कहा कि ऐसा करके वह अपने पिता को खुश कर सकती थीं। हालांकि, उनके पिता हमेशा उन्हें अपने मन की सुनने और अपनी पसंद का काम करने की सलाह देते थे।

16 साल की उम्र में लिया अभिनेत्री बनने का फैसला

दीपिका ने बताया कि उन्हें 16 साल की उम्र में ही समझ आ गया था कि वह अभिनेत्री बनना चाहती हैं। कैमरे के सामने रहना उन्हें हमेशा से अच्छा लगता था। अभिनय के प्रति उनका लगाव इतना गहरा था कि उन्होंने कम उम्र में ही इस दिशा में कदम बढ़ाने का फैसला कर लिया था।

मां से उधार लिए थे 10 हजार रुपये

दीपिका ने अपने शुरुआती दिनों का एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि अभिनय की दुनिया में कदम रखने के लिए उन्हें अपना पहला परिचय चित्र बनवाना था। इसके लिए उन्होंने अपनी मां से 10 हजार रुपये उधार मांगे थे। दीपिका के मुताबिक, उन्होंने मां से कहा था कि उन्हें परिचय चित्र बनवाने के लिए पैसों की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि एक दिन वह अपने माता-पिता को गर्व महसूस कराएंगी और उनके पैसे भी लौटा देंगी।

शाहरुख खान के साथ की थी शुरुआत

दीपिका ने वर्ष 2007 में शाहरुख खान के साथ फिल्म 'ओम शांति ओम' से बॉलीवुड में कदम रखा था। पहली ही फिल्म से उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता मिली। इसके बाद उन्होंने 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'ये जवानी है दीवानी', 'पीकू', 'बाजीराव मस्तानी', 'पद्मावत', 'छपाक', 'पठान', 'जवान' और 'कल्कि 2898 एडी' जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया।

दीपिका ने हॉलीवुड में भी अपनी पहचान बनाई। फिल्म 'ट्रिपल एक्स : द रिटर्न ऑफ जेंडर केज' में वह विन डीजल के साथ नजर आई थीं। अब वह शाहरुख खान के साथ आगामी फिल्म 'किंग' में दिखाई देंगी। दीपिका की यह कहानी बताती है कि बड़े सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने का साहस और मेहनत भी जरूरी है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें