दिवाली पार्टी में हिना खान-राजन शाही ने साथ दिए पोज : दस साल की कड़वाहट पर लगा विराम, बदले रिश्तों से फैंस हैरान

मुंबई। टेलीविजन की दुनिया से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने मनोरंजन जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। लोकप्रिय अभिनेत्री हिना खान और मशहूर टीवी प्रोड्यूसर राजन शाही लंबे समय बाद एक साथ नजर आए हैं। दोनों की यह मुलाकात एक दिवाली पार्टी के दौरान हुई, जहां उन्होंने अन्य मेहमानों के साथ कैमरे के सामने पोज भी दिए। खास बात यह है कि दोनों के बीच सालों से कथित मनमुटाव की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में एक साथ उनकी तस्वीर देखकर फैंस के बीच सवाल उठने लगे हैं कि क्या पुरानी दूरियां अब खत्म हो रही हैं?
राजन शाही की बेटी ने शेयर की तस्वीर
इस मुलाकात की तस्वीर राजन शाही की बेटी इशिका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की। तस्वीर में हिना खान और राजन शाही एक ही फ्रेम में अन्य लोगों के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ यूजर्स ने हैरानी जताई, तो कई प्रशंसकों ने दोनों को साथ देखकर खुशी जाहिर की। हालांकि, दोनों के बीच रिश्ते सामान्य होने या किसी सुलह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस मुलाकात ने पुरानी चर्चाओं को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।
आठ साल तक अक्षरा बनकर छाईं रहीं हिना
हिना खान ने राजन शाही के लोकप्रिय धारावाहिक श्ये रिश्ता क्या कहलाता हैश् में अक्षरा का मुख्य किरदार निभाया था। करीब आठ साल तक इस शो से जुड़कर उन्होंने घर-घर में अपनी पहचान बनाई। अक्षरा के किरदार ने उन्हें टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया।
हालांकि, शो छोड़ने के बाद उनके और निर्माताओं के बीच सबकुछ ठीक नहीं रहा। हिना ने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि उनका शो से जाना अच्छे माहौल में नहीं हुआ था। साल 2024 में भी उन्होंने कहा था कि भले ही विदाई अच्छे नोट पर नहीं हुई, लेकिन वह निर्माताओं का सम्मान करती हैं।
स्क्रिप्ट और डायलॉग को लेकर हुआ था विवाद
दूसरी ओर, राजन शाही ने भी एक इंटरव्यू में हिना खान के साथ हुए विवाद को लेकर अपनी बात रखी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि हिना स्क्रिप्ट में काफी दखल देती थीं, जिससे सेट पर परेशानियां पैदा होती थीं। राजन शाही के मुताबिक, एक बार हिना ने शिवांगी जोशी के किरदार नायरा के समर्थन में कुछ डायलॉग बोलने से इनकार कर दिया था। इसी विवाद के बाद उनका अनुबंध समाप्त कर दिया गया था।
क्या फिर शुरू होगी दोस्ती की नई कहानी?
करीब एक दशक बाद दोनों का एक साथ नजर आना निश्चित रूप से चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, एक तस्वीर से पुराने विवाद खत्म होने का निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। फिलहाल फैंस को इंतजार है कि क्या हिना खान और राजन शाही कभी अपने पुराने मतभेदों को पीछे छोड़कर रिश्तों की नई शुरुआत करेंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
