दिवाली पर देश की सुरक्षा का संकल्प : वायुसेना के एयर वाॅरियर्स से मिले रक्षा मंत्री, बढ़ाया हौसला, बोले- दुश्मन को न देखना पड़े एयर चीफ मार्शल का रौद्र रूप

बागडोगरा। दीपावली से एक दिन पहले यानि शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बागडोगरा एयरफील्ड पर भारतीय वायुसेना के एयर वॉरियर्स से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जवानों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि उनका शौर्य, साहस और समर्पण ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। रक्षा मंत्री ने कहा कि वह उनसे केवल औपचारिक बातचीत करने नहीं बलिक दिल की बाते करने आए हैं। वायुसेना के एयर वाॅरियर्स हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहते हैं, उनका समर्पण देश की सबसे बड़ी ताकत है।
एयर चीफ मार्शल को दी बधाई, बोले- दुश्मन न देखे रौद्र रूप
रक्षा मंत्री ने नए एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित को बधाई दी। उनके नाम का अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि आशुतोष भगवान शिव का एक नाम है। शिव सरल स्वभाव के हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर रौद्र रूप भी धारण करते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि दुश्मनों की सलामती इसी में है कि उन्हें एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित का रौद्र रूप देखने की नौबत ही न आए।
पूर्वी क्षेत्र की सुरक्षा का मजबूत कवच है बागडोगरा
राजनाथ सिंह ने कहा कि बागडोगरा रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां तैनात वायुसेना के जवान पूर्वी क्षेत्र की सुरक्षा में मजबूत कवच की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में सुरक्षा की चुनौतियां पहले से कहीं अधिक जटिल हो गई हैं।
युद्ध अब सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज युद्ध का स्वरूप बदल चुका है। अब इसमें प्रॉक्सी वॉर, साइबर अटैक और नैरेटिव मैनेजमेंट जैसी चुनौतियां भी शामिल हैं। दुश्मन सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक सूचनाएं फैलाकर सैनिकों और आम जनता के मन में संदेह पैदा करने की कोशिश करता है। ऐसे में जवानों को सैन्य सतर्कता के साथ साइबर सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता भी बनाए रखनी होगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक कितनी भी उन्नत क्यों न हो, अनुशासन और साहस के बिना उसका कोई महत्व नहीं है। अनुशासन ही एक साधारण सैनिक को असाधारण योद्धा बनाता है।
स्वदेशी तकनीक से मजबूत हो रही सेना
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत में एंटी-ड्रोन सिस्टम और सैनिकों के लिए आधुनिक उपकरण तैयार किए जा रहे हैं। आने वाले समय में सेनाओं को और अधिक तकनीक आधारित बनाया जाएगा। उन्होंने स्वदेशी तकनीक अपनाने में जवानों के योगदान की सराहना की।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
