बुजुर्ग महिला हत्या मामला : आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतर लगाया जाम

भोपाल। राजधानी भोपाल में शाहजहानाबाद क्षेत्र में 75 वर्षीय कलरी देवी की निर्मम हत्या के विरोध में परिजनों और परिचितों का गुस्सा सड़क पर आ गया है। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट जाने वाली सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब 200 मीटर तक सड़क पर प्रदर्शन के चलते लगभग 45 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने की मांग की।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसीपी अनिल बाजपेई सहित दो थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब 45 मिनट से जारी प्रदर्शन समाप्त हुआ। चक्काजाम खत्म होने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए।
सोने के दांत उखाड़कर की गई बुजुर्ग महिला की हत्या
जानकारी के मुताबिक, 75 वर्षीय कलरी देवी की हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी। हत्यारों ने वारदात के दौरान उनके सोने के दांत तक उखाड़ लिए थे। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, रस्सीनुमा किसी चीज से गला घोंटकर उनकी हत्या की गई।
इलाके के युवक पर जताया शक
प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने इलाके के ही एक युवक पर हत्या में शामिल होने का शक जताया है। उनका कहना है कि वारदात के बाद से संबंधित युवक गायब है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है। परिजनों ने इलाके में पहले भी हुई दो हत्याओं का हवाला देते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
