मंगलवार, 23 जून 202608:11:04 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

सक्ती में कारों के शीशे तोड़ने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार : प्रेमिका से नहीं हुई मुलाकात, गुस्से में एक ही रात में 28 कारों में की तोड़फोड़, 11 वाहनों से चोरी का सामान बरामद

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jun 23, 2026
11:04 AM
प्रेमिका से नहीं हुई मुलाकात, गुस्से में एक ही रात में 28 कारों में की तोड़फोड़, 11 वाहनों से चोरी का सामान बरामद

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक ही रात में दर्जनों कारों के शीशे तोड़कर दहशत फैलाने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। आरोपियों ने मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी 28 कारों को निशाना बनाया था। इतना ही नहीं, 11 कारों से सामान चोरी कर फरार हो गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है। मामला 11 और 12 मई की दरमियानी रात का है, जब मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र में खड़ी कारों के शीशे तोड़ने और चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत फैल गई थी। एक ही रात में 28 वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया, जबकि कई कारों से कीमती सामान भी चोरी कर लिया गया।

मामले की जांच चल रही है
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि वह देर रात अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सड़क किनारे खड़ी कारों में तोड़फोड़ और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद
प्रफुल्ल ठाकुर पुलिस अधीक्षक, सक्ती ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ चोरी और तोड़फोड़ सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई सिलसिलेवार तोड़फोड़ और चोरी की घटनाओं का खुलासा हो गया है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें