PWD अफसर के ठिकानों पर EOW का बड़ा एक्शन : आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के आरोपों ने बढ़ाई मुश्किलें, छिंदवाड़ा से भोपाल तक जांच

भोपाल। मध्यप्रदेश में आर्थिक अपराध से जुड़े मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई शुरू की है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के छिंदवाड़ा में प्रभारी कार्यपालन यंत्री केके सिंगारे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जांच एजेंसी ने सुबह करीब 6 बजे एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की है। भोपाल, छिंदवाड़ा और बालाघाट में एक साथ की गई कार्रवाई के बाद लोक निर्माण विभाग में भी हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई डीएसपी मनजीत सिंह धामी के नेतृत्व में की जा रही है। जानकारी के मुताबिक ईओडब्ल्यू की अलग-अलग टीमें सिंगारे से जुड़े तीन ठिकानों पर कार्रवाई कर रही हैं। इनमें छिंदवाड़ा, बालाघाट और राजधानी भोपाल का अरेरा हिल्स क्षेत्र शामिल है। सुबह से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने बैंक खातों, जमीन-मकान के दस्तावेज, निवेश, वाहन और अन्य आर्थिक लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर सकती है।
आय और संपत्ति का खंगाला जा रहा हिसाब
ईओडब्ल्यू की कार्रवाई का मुख्य आधार आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में कथित तौर पर अधिक संपत्ति अर्जित करने और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी अधिकारियों के पास मौजूद दस्तावेजों और संपत्तियों से संबंधित जानकारी का मिलान कर रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही कथित अनियमितताओं और संपत्ति से जुड़े मामलों की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
कार्रवाई पूरी होने के बाद सामने आएगी तस्वीर
दो स्थानों पर चल रही जांच के दौरान टीमों द्वारा महत्वपूर्ण दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और संपत्ति से संबंधित जानकारी जुटाए जाने की संभावना है। फिलहाल ईओडब्ल्यू की कार्रवाई जारी है और एजेंसी की ओर से बरामदगी या संपत्ति के मूल्य को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इस कार्रवाई के बाद अब जांच के निष्कर्ष और EOW की आधिकारिक रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर आगे कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ हो सकता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
