गुरुवार, 3 सितंबर 202609:30:54 AM
Download App
Home/देश

भारत-बेल्जियम की दोस्ती को नई धारः : मोदी-बार्ट डी वेवर की बैठक में हुए बड़े फैसले, रक्षा से क्लीन एनर्जी तक साथ बढ़ाने पर बनी सहमति

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 03, 2026
08:32 AM
मोदी-बार्ट डी वेवर की बैठक में हुए बड़े फैसले, रक्षा से क्लीन एनर्जी तक साथ बढ़ाने पर बनी सहमति

नई दिल्ली। भारत और बेल्जियम ने बदलते वैश्विक परिदृश्य के बीच अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के बीच नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, खाद्य सुरक्षा और स्वच्छ ऊर्जा समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग से जुड़े समझौतों और समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया।

इतिहास से जुड़े रिश्तों का पीएम मोदी ने किया जिक्र

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-बेल्जियम संबंधों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों की जड़ें काफी गहरी हैं और साझा इतिहास आज भी दोनों देशों को करीब लाता है। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम में भारतीय सैनिकों की वीरता और बलिदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों की साझा स्मृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

पीएम मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा का स्वागत करते हुए उनके भारत से पुराने जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एंटवर्प के मेयर के रूप में डी वेवर ने वहां बसे भारतीय समुदाय और भारत-बेल्जियम के हीरा कारोबार को समर्थन दिया है।

रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा पर बढ़ेगा सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत और बेल्जियम की साझेदारी का दायरा लगातार बढ़ा है। अब सहयोग पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में भी दोनों देश साथ आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने आधुनिक रक्षा उपकरणों के विकास में सहयोग का उदाहरण देते हुए ‘जोरावर’ टैंक का जिक्र किया। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में विकसित किए जा रहे बड़े ग्रीन अमोनिया परियोजना को भी दोनों देशों के बढ़ते सहयोग की मिसाल बताया।

वैश्विक संकट के बीच भारत की अर्थव्यवस्था पर भरोसा

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय संघर्ष, खाद्य और ईंधन सुरक्षा तथा आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी अनिश्चितताओं का सामना कर रही है। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में भी भारतीय अर्थव्यवस्था ने अपनी रफ्तार कायम रखी है। उन्होंने पिछले तिमाही में 7.8 प्रतिशत आर्थिक वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की विकास यात्रा वैश्विक स्तर पर भरोसे और नए अवसरों का आधार बन रही है।

भारत-यूरोपीय संघ समझौते से खुलेंगे नए रास्ते

प्रधानमंत्री ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते को भी अहम उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे भारत और यूरोप के बीच आर्थिक रिश्तों को नई दिशा मिलेगी। भारत-बेल्जियम साझेदारी के जरिए दोनों देश इन नए अवसरों को व्यापार, निवेश, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग में बदलने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

बैठक के दौरान हुए समझौतों से संकेत साफ है कि भारत और बेल्जियम आने वाले समय में अपने संबंधों को व्यापक और रणनीतिक स्तर पर और मजबूत करने की तैयारी में हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें