मप्र में झमाझम बारिश जोरः : आज भी जमकर भीगेंगे कई जिले, ग्वालियर-चंबल पर रेड अलर्ट पर, भोपाल भी होगा तरबतर

भोपाल। मप्र में झमाझम मानसूनी बारिश का दौर जारी है। इतना ही नहीं मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में अब तक सामान्य से 10 फीसदी अधिक पानी बरस चुका है। फिलहाल अगले चार दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने आज गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी और अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर-चंबल को रेड अलर्ट पर रखा गया है।
बता दें कि जून में सामान्य से कम बारिश होने के बाद जुलाई की तेज वर्षा ने हालात बदल दिए हैं। प्रदेश में अब तक 223.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य औसत 202.5 मिलीमीटर से अधिक है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य से काफी ज्यादा वर्षा हुई है, जबकि पूर्वी हिस्सों में अब भी औसत से कुछ कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
भिंड में रेड अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी
मौसम विभाग ने आज भिंड जिले के लिए अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, राजगढ़, आगर-मालवा और रतलाम में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा उज्जैन, नीमच, शाजापुर, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, दमोह, छतरपुर और पन्ना समेत कई जिलों में भी तेज बारिश होने का अनुमान है।
भोपाल सहित कई शहरों में जारी रहेगा बारिश का दौर
राजधानी भोपाल समेत रायसेन, सीहोर, इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर सहित अनेक जिलों में अगले 24 घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटे में कई इलाकों में अच्छी बरसात
पिछले 24 घंटों में दमोह, नर्मदापुरम, खजुराहो, टीकमगढ़, जबलपुर, बैतूल और खरगोन सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं दतिया, ग्वालियर, रतलाम, उज्जैन, सागर, सतना, मंडला, शाजापुर, देवास, सीहोर और अन्य क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश हुई, जिससे जलस्तर में बढ़ोतरी और मौसम सुहाना हो गया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
