गोमती नगर स्टेशन मर्डर मिस्ट्री का खुलासा : “इज्जत” के डर से पिता बना बेटी का कातिल

लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के कोच में मिले टिन के बक्से ने जिस सनसनीखेज रहस्य को जन्म दिया था, उसका खुलासा पुलिस जांच में बेहद दर्दनाक रूप में सामने आया है। जिस घटना को शुरुआत में किसी गैंगवार या पेशेवर अपराध से जोड़कर देखा जा रहा था, वह दरअसल एक पिता के डर, गुस्से और कट्टर सोच की खौफनाक कहानी निकली।
पुलिस के मुताबिक कुशीनगर निवासी बिग्गन अंसारी ने अपनी ही 15 वर्षीय बेटी शब्बा की हत्या कर दी। आरोपी को डर था कि उसकी तीसरी बेटी भी घर छोड़कर न चली जाए, क्योंकि उसकी दो बेटियां पहले ही परिवार से अलग हो चुकी थीं। इसी आशंका और बेटी की दोस्ती को लेकर बढ़ते तनाव ने उसे ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया, जिसने सभी को झकझोर दिया।
CCTV फुटेज से खुली साजिश की परतें
गोमती नगर स्टेशन पर ट्रेन के स्लीपर कोच में संदिग्ध हालत में मिला टिन का बक्सा पुलिस के लिए पहेली बना हुआ था। जीआरपी ने ट्रेन के पूरे रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। कई घंटों की जांच के बाद तमकुही रोड रेलवे स्टेशन की फुटेज में बड़ा सुराग मिला। कैमरे में तीन लोग एक भारी टिन का बक्सा और एक थैला ट्रेन के स्लीपर कोच में रखते दिखाई दिए। कुछ देर बाद वही लोग बगल के एसी कोच से उतरते नजर आए। पुलिस को यहीं से शक हुआ कि मामला साधारण नहीं है। जांच में उन लोगों की पहचान बिग्गन अंसारी, उसकी बहन नूरजहां और बहनोई मुजीबुल्ला के रूप में हुई।
पूछताछ में टूटा आरोपी, सामने आई खौफनाक कहानी
पुलिस हिरासत में पहले बिग्गन लगातार बयान बदलता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद वह टूट गया। उसने कबूल किया कि उसकी बेटी शब्बा मोबाइल फोन पर दूसरे समुदाय के एक युवक से बात करती थी। इस रिश्ते को लेकर वह बेहद नाराज था। आरोपी ने बताया कि उसने कई बार बेटी को समझाने और रोकने की कोशिश की, लेकिन बातचीत बंद नहीं हुई। इसी बात को लेकर घर में लगातार तनाव बढ़ता गया। आखिरकार उसने बेटी की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर ट्रेन में फेंकने की साजिश रची।
रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात
इस घटना ने एक बार फिर समाज में “इज्जत” और नियंत्रण की सोच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस पिता को बेटी की सुरक्षा का सहारा माना जाता है, वही उसकी मौत की वजह बन गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
