आईपीएल 2026 प्लेऑफ में बड़ा ट्विस्ट : बंगलूरू से छिना फाइनल, वेन्यू में अचानक बदलाव अहमदाबाद बना नया मेजबान!

मुंबई। आईपीएल 2026 जैसे-जैसे अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे रोमांच भी चरम पर पहुंच गया है। इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने प्लेऑफ का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर सभी को चैंका दिया है। सबसे बड़ा बदलाव फाइनल मुकाबले के वेन्यू को लेकर हुआ है। पहले जहां फाइनल बेंगलुरु में होने की उम्मीद थी, वहीं अब यह मुकाबला 31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा।
बीसीसीआई के अनुसार, बंगलूरू में कुछ “स्थानीय प्रशासनिक और संघीय आवश्यकताएं” थीं, जो बोर्ड के तय प्रोटोकॉल से मेल नहीं खाती थीं। हालांकि, इस बयान ने विवाद को जन्म दे दिया है। फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच यह चर्चा तेज है कि आखिर ऐसी कौन सी शर्तें थीं, जिनके कारण यह बड़ा फैसला लिया गया। कुछ रिपोर्ट्स टिकटिंग विवाद की ओर भी इशारा कर रही हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
तीन शहरों में होंगे प्लेऑफ मुकाबले
इस बार आईपीएल प्लेऑफ एक ही शहर में नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। बीसीसीआई ने इसे “लॉजिस्टिक और ऑपरेशनल कारणों” से जुड़ा निर्णय बताया है।
26 मईः क्वालिफायर-1: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला
27 मईः एलिमिनेटर: न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर
29 मईः क्वालिफायर-2: वही मुल्लांपुर स्टेडियम
31 मईः फाइनल: नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद
अहमदाबाद में होगा खिताबी मुकाबला
दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल का आयोजन इस सीजन को और भव्य बना देता है। इससे पहले भी यह मैदान कई बड़े मुकाबलों और फाइनल्स की मेजबानी कर चुका है।
टॉप-2 में जगह बनाने की जंग तेज
नए शेड्यूल के साथ अब टीमों के बीच टॉप-2 में पहुंचने की होड़ और तेज हो गई है। क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जिससे उसका खिताब जीतने का मौका दोगुना हो जाता है।
आईपीएल 2026 का यह बदलाव सिर्फ एक शेड्यूल अपडेट नहीं, बल्कि टूर्नामेंट की दिशा बदलने वाला फैसला साबित हो सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मैदान के अंदर की जंग ज्यादा चर्चा में रहती है या मैदान के बाहर के फैसले!
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
