शुक्रवार, 22 मई 202609:43:08 PM
Download App
Home/देश

भारत दौरे पर आ रहे मार्को रुबियो, : क्वाड साझेदारी और सुरक्षा सहयोग पर रहेगा फोकस, कई राज्यों का दौरा करेंगे अमेरिकी विदेश मंत्री

admin

admin

May 22, 2026
07:28 AM
क्वाड साझेदारी और सुरक्षा सहयोग पर रहेगा फोकस, कई राज्यों का दौरा करेंगे अमेरिकी विदेश मंत्री

नई दिल्ली। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियों कल यानि शनिवार को 4 दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे हैं। उनका यह दौरा स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति भारत और अमेरिका की साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। साथ ही यह यात्रा क्षेत्रीय सुरक्षा, ऊर्जा सहयोग और महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखलाओं में विविधता लाने के प्रयासों को नई दिशा देगी। यह जानकारी भारत स्थित संयुक्त राज्य अमेरिकी दूतावास ने दी है।

23 से 26 मई तक कई शहरों का दौरा

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 23 से 26 मई तक भारत के विभिन्न राज्यों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे नई दिल्ली में भारतीय नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इसके अलावा वे कोलकाता, आगरा और जयपुर भी जाएंगे। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, भारत पहुंचने से पहले रुबियो स्वीडन के हेलसिंगबोर्ग में आयोजित नाटो विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे।

क्वाड बैठक में शामिल होंगे विदेश मंत्री

नई दिल्ली में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक इस यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है। इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री शामिल होंगे। बैठक में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा, रक्षा सहयोग, व्यापार विस्तार और ऊर्जा सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि चीन की बढ़ती सक्रियता के बीच क्वाड देशों की यह बैठक रणनीतिक रूप से बेहद अहम होगी। खासतौर पर महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखला को मजबूत करने और वैकल्पिक स्रोत विकसित करने पर प्रमुख रूप से विचार किया जाएगा।

अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ का होगा जश्न

भारत यात्रा के दौरान मार्को रुबियो अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि अमेरिका अपनी 250वीं वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहा है और वह इसे भारतीय साझेदारों के साथ मनाने को लेकर उत्साहित हैं।

रुबियो ने कहा, “भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और अमेरिका दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्रों में से एक है। ऐसे में इस ऐतिहासिक अवसर को साथ मनाना हमारे संबंधों की गहराई को दर्शाता है।”

अमेरिकी दूतावास ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस संदेश को साझा करते हुए कहा कि वह भारत के साथ इस विशेष अवसर का जश्न मनाने के लिए उत्साहित है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें