शनिवार, 15 अगस्त 202612:39:30 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

बदमाशों से मुठभेड़ में हुए थे शहीद : यूपी पुलिस के इतिहास में पहली बार पुलिसकर्मी को कीर्ति चक्र, शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत सम्मान

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Aug 15, 2026
08:37 AM
यूपी पुलिस के इतिहास में पहली बार पुलिसकर्मी को कीर्ति चक्र, शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत सम्मान

लखनऊ/शामली। उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में पहली बार किसी पुलिसकर्मी को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। यूपी एसटीएफ में तैनात रहे शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को यह वीरता सम्मान मरणोपरांत प्रदान किया गया। कर्तव्य के दौरान अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें देश के प्रतिष्ठित वीरता पुरस्कार से नवाजा गया है।केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी प्रशस्ति में इंस्पेक्टर सुनील कुमार के अदम्य साहस, असाधारण वीरता और कर्तव्य के दौरान दिए गए सर्वोच्च बलिदान का उल्लेख किया गया है।

बदमाशों से मुठभेड़ में हुए थे शहीद

20 जनवरी 2025 की रात शामली के झिंझाना क्षेत्र में बिडौली-चौसाना मार्ग पर एसटीएफ टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की थी। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर सुनील कुमार कर रहे थे। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में अरशद समेत चार बदमाश मारे गए। कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर सुनील कुमार को तीन गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्होंने 22 जनवरी 2025 को दम तोड़ दिया। उनकी शहादत ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर दिया था। अब उनके अदम्य साहस और बलिदान को देश के दूसरे सबसे बड़े शांतिकालीन वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है।

अनिल दुजाना एनकाउंटर में भी निभाई थी अहम भूमिका

इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने 2023 में मेरठ में कुख्यात गैंगस्टर अनिल दुजाना के एनकाउंटर में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी बहादुरी के लिए उन्हें राष्ट्रपति का वीरता पदक भी प्रदान किया जा चुका था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सुनील कुमार को कीर्ति चक्र मिलने पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके अदम्य साहस, अप्रतिम पराक्रम और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण का सम्मान है।

एसटीएफ मेरठ यूनिट के अन्य पुलिसकर्मियों को भी वीरता पुरस्कार

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यूपी एसटीएफ की मेरठ यूनिट के अन्य अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को भी गैलेंट्री अवार्ड से सम्मानित किया गया है। एएसपी ब्रजेश सिंह समेत चार पुलिसकर्मियों को वीरता पुरस्कार मिला है। इसी टीम ने पिछले साल मुरादाबाद में एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले आसिफ टिड्डा और उसके साथी दीनू को मुठभेड़ में मार गिराया था।

परिवार ने याद किया शहीद सुनील कुमार को

कीर्ति चक्र मिलने के बाद शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार के परिवार में गर्व के साथ भावुकता का माहौल है। उनके बेटे, बेटी और पत्नी ने उनकी बहादुरी और देश के लिए दिए गए बलिदान को याद किया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि सुनील कुमार ने हमेशा कर्तव्य को सर्वोपरि रखा और देश की सेवा करते हुए अपना जीवन न्योछावर कर दिया।

शहादत को मिला देश का सलाम

इंस्पेक्टर सुनील कुमार की शहादत ने एक बार फिर यह साबित किया कि वर्दी पहनने वाला हर जवान देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का संकल्प लेकर चलता है। कीर्ति चक्र के रूप में मिला यह सम्मान उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को देश की ओर से सलाम है।

लखनऊ संवाददाता-सलमान

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें