मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन : अंबिकापुर में उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मंत्री रामविचार नेताम ने किया ध्वजारोहण

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य आयोजन किया गया, जहां कृषि मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मंत्री रामविचार नेताम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों की सलामी ली।
मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन
ध्वजारोहण के बाद कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदेशवासियों के नाम दिए गए संदेश का वाचन किया। मुख्यमंत्री के संदेश के जरिए प्रदेश की विकास योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा गया।
आकर्षक परेड ने बढ़ाया देशभक्ति का जोश
समारोह के दौरान पुलिस एवं विभिन्न सुरक्षा बलों की आकर्षक परेड आयोजित की गई। जवानों ने अनुशासन और जोश के साथ शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। परेड ने समारोह में मौजूद लोगों के भीतर देशभक्ति का जोश भर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान तिरंगे के सम्मान में लोगों में खासा उत्साह नजर आया। समारोह स्थल देशभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस जवान, शासकीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अंबिकापुर में आयोजित इस जिला स्तरीय समारोह में लोगों ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया। पूरे समारोह में राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला।
संवाददाता-मनोज कुमार
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
