RBI Plans New Currency : कागज नहीं, अब प्लास्टिक में छपेंगे रुपये! RBI ला सकता है नई करेंसी

भारत में जल्द ही प्लास्टिक से बने करेंसी नोट देखने को मिल सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) एक बार फिर पॉलिमर बैंकनोट योजना पर गंभीरता से विचार कर रहा है। ये नोट सामान्य कागज़ की बजाय विशेष प्रकार के प्लास्टिक जैसे पदार्थ, यानी पॉलिमर, से तैयार किए जाते हैं।
दरअसल, पिछले कुछ वर्षों में देश में नकदी की मांग लगातार बढ़ी है। RBI की रिपोर्ट के अनुसार, नोटों की छपाई पर होने वाला खर्च भी काफी बढ़ गया है। ऐसे में अब ऐसे नोटों पर विचार किया जा रहा है, जो अधिक टिकाऊ हों और जल्दी खराब न हों।
क्या होंगे पॉलिमर नोटों के फायदे?
पॉलिमर नोट दिखने और इस्तेमाल में सामान्य नोटों जैसे ही होते हैं, लेकिन ये कहीं ज्यादा मजबूत और टिकाऊ माने जाते हैं। इन पर पानी, गंदगी और फटने का असर कम पड़ता है। यही वजह है कि दुनिया के कई देशों ने पहले ही प्लास्टिक नोटों को अपनाया है।
इन नोटों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इन्हें नकली बनाना बेहद मुश्किल होता है। इनमें पारदर्शी विंडो, विशेष स्याही और आधुनिक सुरक्षा फीचर्स लगाए जा सकते हैं, जिससे फर्जी नोटों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।
RBI शुरू कर सकता है पायलट प्रोजेक्ट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, RBI शुरुआत में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर ₹10 और ₹20 के नोट पॉलिमर में जारी कर सकता है। इन छोटे नोटों का इस्तेमाल सबसे ज्यादा होता है और ये जल्दी खराब भी हो जाते हैं।
हालांकि भारत में पॉलिमर नोटों का विचार नया नहीं है। साल 2012 में यूपीए सरकार के दौरान कुछ शहरों में इनके ट्रायल की योजना बनाई गई थी, लेकिन बाद में यह योजना आगे नहीं बढ़ पाई। अब RBI ने एक बार फिर इस दिशा में कदम बढ़ाना शुरू किया है।
कई देशों में पहले से हो रहा इस्तेमाल
ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, ब्रिटेन, सिंगापुर और न्यूजीलैंड जैसे कई देशों में पहले से ही पॉलिमर नोटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने सबसे पहले 1988 में प्लास्टिक नोट जारी किए थे।
हालांकि RBI ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह नहीं कहा है कि सभी कागज़ी नोट बंद कर दिए जाएंगे। फिलहाल इसे परीक्षण और चरणबद्ध तरीके से लागू करने की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
