बुधवार, 12 अगस्त 202602:44:10 PM
Download App
Home/देश

शादी के रिसेप्शन में छूटी सियासी तल्खी, : मोदी-प्रियंका की बातचीत पर खड़गे के ‘भाई साहब’ ने लगाए ठहाके, पढ़े खबर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 12, 2026
09:53 AM
मोदी-प्रियंका की बातचीत पर खड़गे के ‘भाई साहब’ ने लगाए ठहाके, पढ़े खबर

नई दिल्ली। राजनीति में अक्सर एक-दूसरे पर तीखे हमले करने वाले नेता जब किसी निजी समारोह में एक साथ नजर आते हैं तो तस्वीरें और वीडियो अपने आप चर्चा का विषय बन जाते हैं। ऐसा ही नजारा नई दिल्ली में एनसीपी (एसपी) नेता सुप्रिया सुले की बेटी रेवती के वेडिंग रिसेप्शन में देखने को मिला। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां पहुंचीं।

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच हुई हल्की-फुल्की बातचीत ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। वायरल हो रहे वीडियो में पीएम मोदी को प्रियंका से पूछते हुए सुना जा सकता है, “प्रियंका जी, कैसी हैं आप?” इसके जवाब में प्रियंका गांधी कहती हैं, “मैं ठीक हूं सर! आप कैसे हैं?”

प्रियंका के सवाल पर प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मैं वैसा ही हूं।” पीएम मोदी के इस जवाब के दौरान पास खड़े मल्लिकार्जुन खड़गे मुस्कुराते नजर आए। इसके बाद खड़गे ने चुटकी लेते हुए कहा, “भाई साहब, आप थोड़े बदल गए हैं।” खड़गे की इस टिप्पणी पर वहां मौजूद नेताओं के बीच हंसी का माहौल बन गया। पीएम मोदी ने भी मुस्कुराते हुए सिर्फ “अच्छा” कहा और हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ गए।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान राहुल गांधी भी वहां मौजूद थे। बातचीत और हंसी-मजाक के बीच उन्हें भी मुस्कुराते हुए देखा गया। राजनीतिक मंचों पर एक-दूसरे के खिलाफ मुखर रहने वाले इन नेताओं का यह अनौपचारिक अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को खासा पसंद आया।

खड़गे की टिप्पणी बनी चर्चा का विषय

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं। कुछ यूजर्स का मानना है कि खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी के हालिया सोशल मीडिया अंदाज की ओर इशारा किया होगा। हालांकि, खड़गे ने अपनी टिप्पणी का कोई स्पष्ट संदर्भ नहीं बताया।

मोदी-पवार की मुलाकात ने भी खींचा ध्यान

रेवती के रिसेप्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार की गंभीर बातचीत की एक तस्वीर भी चर्चा में रही। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी (एसपी) और बीजेपी के बीच नजदीकियों को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि सुप्रिया सुले पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ पार्टी की हालिया बातचीत महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों को लेकर थी।

कुल मिलाकर, इस समारोह ने कुछ देर के लिए सियासी मतभेदों को पीछे छोड़ दिया और दिल्ली की राजनीति में एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसमें सत्ता और विपक्ष के नेता हंसी-मजाक के साथ एक-दूसरे से घुलते-मिलते नजर आए।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें