बुधवार, 12 अगस्त 202602:41:32 PM
Download App
Home/देश

सीएम मोहन का गुजरात दौरा सफल : अरविंद ग्रुप मप्र में करेगा 1200 करोड़ कर निवेश, तीन स्थानों पर स्थापित होंगी औद्योगिक इकाइयां

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 12, 2026
10:36 AM
अरविंद ग्रुप मप्र में करेगा 1200 करोड़ कर निवेश, तीन स्थानों पर स्थापित होंगी औद्योगिक इकाइयां

भोपाल। मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार को बड़ी सफलता मिलती दिखाई दे रही है। गुजरात के प्रमुख औद्योगिक समूह अरविंद लिमिटेड ने प्रदेश में अपनी गतिविधियों के विस्तार की तैयारी की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को अहमदाबाद में कंपनी के उपाध्यक्ष कुलीन लालभाई से मुलाकात कर निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच आर्थिक एवं औद्योगिक सहयोग को और मजबूत किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप धार स्थित पीएम मित्र पार्क में अगले वर्ष तक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और वस्त्र उद्योग को भी नई गति मिलेगी।

तीन स्थानों पर स्थापित होंगी औद्योगिक इकाइयां

मुख्यमंत्री के अनुसार अरविंद समूह प्रदेश में तीन प्रमुख स्थानों पर अपनी इकाइयां स्थापित कर रहा है। इनमें देवास के निकट बरलाई, धार का पीएम मित्र पार्क और इंदौर का बेटमा क्षेत्र शामिल हैं। कंपनी इन स्थानों के अलावा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी अपनी गतिविधियों का विस्तार कर रही है। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से राज्य को कर राजस्व के रूप में अतिरिक्त संसाधन मिलेंगे, जिनका उपयोग विकास कार्यों में किया जा सकेगा।

पीएम मित्र पार्क में 1200 करोड़ का निवेश

अरविंद लिमिटेड ने धार स्थित पीएम मित्र पार्क में लगभग 1200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए कंपनी को करीब 105 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। परियोजना के तहत उत्पादन इकाई स्थापित करने की प्रक्रिया को तेजी देने पर मुख्यमंत्री और कंपनी प्रतिनिधियों के बीच चर्चा हुई।

बैठक में निवेश प्रस्ताव की प्रक्रिया जल्द पूरी करने, शासन स्तर पर परीक्षण और स्वीकृति को गति देने तथा वस्त्र एवं परिधान उद्योगों के लिए उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी भी साझा की गई। इनमें पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान, मुहर एवं पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति तथा हरित औद्योगिकीकरण और अनुसंधान-विकास के लिए सहायता जैसे प्रावधान शामिल हैं।

वस्त्र उद्योग को मिलेगा नया विस्तार

मध्यप्रदेश में वस्त्र और परिधान क्षेत्र को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। इंदौर में संचालित पेपकोन प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौते के तहत प्रतिवर्ष करीब 70 लाख परिधानों का निर्माण किया जा रहा है। नई औद्योगिक इकाइयों के विस्तार से इस क्षेत्र में उत्पादन क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच सहयोग से दोनों राज्यों के औद्योगिक संबंध और मजबूत होंगे। इससे निवेश के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उद्योगों में पानी के पुनः उपयोग पर जोर

बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के पुनः उपयोग को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। प्रदेश में विकसित किए जा रहे 90 से अधिक औद्योगिक पार्कों में वस्त्र, औषधि और अन्य औद्योगिक समूहों के लिए साझा शून्य तरल अपशिष्ट निकासी प्रणाली विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

औद्योगिक पार्कों को आसपास के नगर निकायों के सीवेज शोधन संयंत्रों से जोड़कर पानी के पुनर्चक्रण पर आधारित व्यवस्था विकसित करने का सुझाव भी सामने आया। इससे औद्योगिक गतिविधियों में पानी की खपत कम करने और उपलब्ध जल संसाधनों के बेहतर उपयोग में मदद मिल सकती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें