बड़े तालाब पर दिखेगा देशभक्ति का अद्भुत नजारा, : CM मोहन की मौजूदगी में होगी भव्य नौका तिरंगा यात्रा, जल की लहरों पर लहराएगा तिरंगा

भोपाल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं की कड़ी में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य नौका तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में यह यात्रा सुबह 11 बजे बोट क्लब, बड़े तालाब से प्रारंभ होगी। सैकड़ों नावों पर तिरंगा थामे युवा, खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि यात्रा के दौरान बड़े तालाब का विस्तृत जल क्षेत्र तिरंगे के रंग में रंगा नजर आएगा। सैकड़ों नावों पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रतिभागी विशेष फॉर्मेशन में शामिल होंगे। नावों की कतार और लहरों के बीच लहराता तिरंगा भोपाल के लिए देशभक्ति का यादगार दृश्य प्रस्तुत करेगा। हजारों नागरिकों की सहभागिता इस आयोजन को और भव्य बनाएगी।
देश में पहली बार बनेगा जल के बीच ‘फ्लोटिंग तिरंगा’
इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण बड़े तालाब के बीच तैयार किया जाने वाला विशाल फ्लोटिंग तिरंगा होगा। नावों को विशेष स्वरूप में व्यवस्थित कर जल सतह पर विशाल तिरंगे की आकृति बनाई जाएगी। देश में पहली बार तालाब के बीच इस तरह का तिरंगा फॉर्मेशन तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। यह दृश्य एकता, अखंडता और राष्ट्रगौरव का संदेश देगा।
सुरक्षा से लेकर यातायात तक पुख्ता इंतजाम
यात्रा की तैयारियों को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने बोट क्लब और बड़े तालाब क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन, खेल विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। नावों के सुरक्षित संचालन, गोताखोरों और एसडीआरएफ की तैनाती, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई सहित अन्य तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि आयोजन में शामिल नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
‘नभ से जल तक लहराए तिरंगा’
मंत्री सारंग ने कहा कि “नभ से लेकर जल तक हर जगह तिरंगा लहराए, यही हमारा लक्ष्य है।” उन्होंने कहा कि भारत माता का वैभव परम ऊंचाइयों तक पहुंचे और देश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो, इसी उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
