तिरंगे के रंग में रंगा भोपाल : एलएनसीटी ग्रुप की वंदे भारत तिरंगा यात्रा में युवाओं ने दिया राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश

भोपाल। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से पहले राजधानी भोपाल देशभक्ति के रंग में डूब गई। एलएनसीटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस की ओर से बुधवार को विशाल ‘वंदे भारत तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा थामे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा जब सड़कों पर उतरे तो पूरा शहर राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर नजर आया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

तिरंगे के साथ युवाओं ने दिखाया जोश
यात्रा की शुरुआत टी.टी. नगर स्टेडियम से हुई। यहां से तिरंगा यात्रा न्यू मार्केट, रोशनपुरा चैराहा, पीपुल्स जनरल हॉस्पिटल और मिंटो हॉल होते हुए एम.वी.एम. कॉलेज पहुंची। रास्तेभर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस के जश्न को और खास बना दिया।

एमवीएम कॉलेज में यात्रा के समापन के साथ युवाओं ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। यात्रा में शामिल युवाओं ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र की मजबूती का संदेश दिया। राजधानी की सड़कों पर लहराता तिरंगा और गूंजते देशभक्ति के नारे लंबे समय तक लोगों के बीच राष्ट्रप्रेम की भावना जगाते रहे।
‘समृद्ध और सशक्त भारत’ का संकल्प

एलएनसीटी ग्रुप के सेक्रेटरी अनुमान चौकसे ने बताया कि ‘एलएनसीटी का एक ही सपना, समृद्ध और सशक्त भारत अपना’ संदेश के साथ इस यात्रा का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि देश का युवा भारत की सबसे बड़ी ताकत है। युवा शक्ति यदि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़े तो भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का सपना साकार किया जा सकता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
