सोमवार, 23 नवंबर 202607:17:25 PM
Download App
Home/देश

सात जिलों में सड़कों की गुणवत्ता की खुली पोल, : कई ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट, 35 निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण, 22 में सुधार के निर्देश

admin

admin

Nov 23, 2026
04:33 PM
कई ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट, 35 निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण, 22 में सुधार के निर्देश

भोपाल। मध्यप्रदेश में सड़क और पुल निर्माण की गुणवत्ता को लेकर लोक निर्माण विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। प्रदेश के सात जिलों में 35 निर्माण कार्यों के औचक निरीक्षण में कई जगह निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली। गड़बड़ी सामने आने के बाद विभाग ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने और लापरवाह ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कुल 22 निर्माण कार्यों में आवश्यक सुधार कराने को कहा गया है। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक भरत यादव ने निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सात जिलों में सात टीमों ने की जांच

गुणवत्ता सुधार कार्ययोजना के तहत 20 नवंबर को मुख्य अभियंताओं के नेतृत्व में सात निरीक्षण दल गठित किए गए थे। इन दलों ने विदिशा, छिंदवाड़ा, मुरैना, बुरहानपुर, मैहर, मंदसौर और दमोह में यादृच्छिक आधार पर निर्माण कार्यों की जांच की। निरीक्षण में लोक निर्माण विभाग की सड़क एवं पुल शाखा के 21, परियोजना क्रियान्वयन इकाई के पांच, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के छह, भवन विकास निगम के दो और राष्ट्रीय राजमार्ग का एक कार्य शामिल था। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करते हुए यादव ने 22 कार्यों में जरूरी सुधार कराने और निरीक्षण दलों की अनुशंसाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुरैना-बुरहानपुर में ठेकेदारों पर गिरेगी गाज

मुरैना जिले के 3.50 किलोमीटर लंबे खेड़ा मेवदा-मीरापुर मार्ग और बुरहानपुर के 1.50 किलोमीटर लंबे बोहरदा-मोहनासंगम मार्ग का निर्माण संतोषजनक नहीं पाया गया। इन मामलों में संबंधित कार्यपालन यंत्री, अनुविभागीय अधिकारी और उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दोनों कार्यों के ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई शुरू करने को कहा गया है।

बुरहानपुर में निंबोला-मगरूल-थाथरबाल्डी-उतांबी-बोरी बुजुर्ग मार्ग के मजबूतीकरण और नाचनखेड़ा-अडगांव तथा दरियापुर-जशोंधी (महाराष्ट्र सीमा) मार्गों की स्थिति भी ठीक नहीं मिली। इनके ठेकेदारों पर भी कार्रवाई होगी। दमोह में निर्माणाधीन 73.265 किलोमीटर लंबे दमोह-हटा-गैसाबाद-सिमरिया मार्ग के मामले में संबंधित सलाहकार के विरुद्ध कार्रवाई और ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

विदिशा में बेहतर काम की सराहना

निरीक्षण के दौरान विदिशा जिले का झारखेड़ा-बेरसिया-ढोलखेड़ी मार्ग गुणवत्तापूर्ण पाया गया। इसके लिए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री दीपक असाटी के कार्य की सराहना की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि बेहतर निर्माण करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, वहीं लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी।

शिकायतों के निराकरण में भी देरी नहीं चलेगी

समीक्षा बैठक में लोकपथ ऐप पर मिलने वाली शिकायतों का चार दिन के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को देने और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य अभियंता और अधीक्षण यंत्री स्तर पर शिकायतों की नियमित समीक्षा होगी। इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल और स्थायी सुधार कार्य समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए गए। एमपीआरडीसी की आगामी परियोजनाओं में यात्रियों की सुविधाओं और गौशालाओं के निर्माण के लिए सड़क किनारे उपयुक्त भूमि चिह्नित करने को भी कहा गया है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें