सर्राफा बाजार में लौटी रौनक : सोना 1.24 लाख के पार, चांदी में भी तूफानी तेजी, निवेशकों को मिली राहत

मुंबई। सर्राफा बाजार में फिर रौनक लौट आई है। लगातार गिरावट का सामना कर रहे सोने और चांदी के भाव में सोमवार को अचानक तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सोना करीब 2.48 प्रतिशत और चांदी 2.35 प्रतिशत तक महंगी हो गई। पिछले कई दिनों से लगातार गिरावट के बाद आई इस तेजी ने निवेशकों को बड़ी राहत दी है।
सोने का भाव 1.24 लाख रुपये के पार
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोमवार को सोना 2.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,24,796 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। कारोबार के दौरान सोने ने 1,23,806 रुपये प्रति 10 ग्राम का निचला स्तर और 1,24,821 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊंचा स्तर छुआ। लगातार गिरावट के बाद आई इस तेजी से सोने के निवेशकों को कुछ राहत मिली है।
चांदी में भी जोरदार उछाल, 1.51 लाख के पार पहुंचा भाव
सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी अच्छी तेजी दर्ज की गई। चांदी 2.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,51,293 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान चांदी ने 1,49,053 रुपये प्रति किलोग्राम का न्यूनतम और 1,51,669 रुपये प्रति किलोग्राम का उच्चतम स्तर छुआ। इससे पहले चांदी की कीमतों में लगातार कमजोरी देखने को मिल रही थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चमकी सोने-चांदी की कीमतें
भारतीय बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में खरीदारी देखने को मिली। कॉमेक्स पर सोना 2.64 प्रतिशत की तेजी के साथ 3,608 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी 2.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 42.06 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखाई दी।
डॉलर में कमजोरी से मिली सोने-चांदी को ताकत
बाजार के जानकारों के मुताबिक, डॉलर सूचकांक में गिरावट और निचले भाव पर निवेशकों की खरीदारी ने सोने-चांदी की कीमतों को सहारा दिया है। सोमवार को डॉलर सूचकांक गिरकर 103.71 पर आ गया, जबकि इससे पहले यह 103.84 तक पहुंचा था। डॉलर कमजोर होने पर आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की मांग बढ़ने की संभावना रहती है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
