कभी भी हो सकता था बड़ा हादसा : भोपाल सांसद ने ऐशबाग बुलडोजर एक्शन का किया समर्थन, कहा- प्रशासन का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं

भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित 600 से अधिक जनता क्वार्टरों में बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई है। प्रशासनिक अमले और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 50 अधिक जेसीबी मशीनें एक-एक कर क्वार्टरों को जमींदोज कर रही है। इस बुलडोजर एक्शन को लेकर भोपाल सांसद आलोक शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि जनता क्वार्टर की कॉलोनी काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थी। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था, इसलिए जर्जर क्वार्टरों को खाली कराकर गिराना जरूरी था।
अवैध कब्जे पर भी सांसद ने उठाए सवाल
सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि जनता क्वार्टरों में रहने वाले वास्तविक किरायेदार पहले ही अपने मकान खाली कर चुके हैं। कुछ लोग वहां अवैध रूप से कब्जा करके रह रहे थे। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश के बाद जिला प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है।
बरसात से पहले हादसे का था खतरा
आलोक शर्मा ने कहा कि पुराने और जर्जर भवनों में लोगों का रहना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। खासकर बरसात के मौसम में कमजोर मकानों के गिरने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते मकानों को खाली कराना जरूरी था। उन्होंने स्थानीय लोगों से प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग करने की अपील भी की।
गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की सलाह
सांसद ने प्रभावित गरीब परिवारों से प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ उठाना चाहिए।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
