बोनी फोई को-एड सीनियर सेकेंडरी स्कूल का वार्षिक उत्सव : थीम 'युगांतर 2026’ की धूम, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल, मालवीया ब्रदर्स की गायकी बनी आकर्षण

भोपाल। शहर के प्रतिष्ठित बोनी फोई को-एड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 22 नवंबर 2026 को वार्षिक उत्सव ‘युगांतर 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘फोर युगाज’ (Four Yugas) रखी गई, जिसके जरिए बच्चों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और चारों युगों की झलक अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से पेश की। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में भोपाल रीजन के सीबीएसई रीजनल ऑफिसर थांगकोट माटे विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्कूल के वाइस चेयरमैन एस.एन. मालवीया और प्रिंसिपल मनीष आर.के. जैन ने उनका स्वागत किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। समारोह में स्कूल के चेयरमैन डॉ. एल.एन. मालवीया भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों की प्रस्तुतियां देखने पहुंचे। वहीं स्कूल की डायरेक्टर शिवांगी शर्मा भी उपस्थित रही.

सरस्वती वंदना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
वार्षिकोत्सव की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। बच्चों ने अपनी कला और हुनर के जरिए भारतीय संस्कृति और परंपराओं की खूबसूरत झलक पेश की।
समारोह का खास आकर्षण स्कूल का म्यूजिकल स्टार ग्रुप ऑर्केस्ट्रा रहा। विद्यार्थियों ने शानदार म्यूजिक बैंड की प्रस्तुति देकर अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सुरों और ताल के इस संगम ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विशेष अतिथि थांगकोट माटे भी बच्चों की संगीत प्रस्तुति से प्रभावित नजर आए।
इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग डांस परफॉर्मेंस से मंच पर समां बांध दिया। बच्चों के शानदार डांस और आत्मविश्वास को देखकर अभिभावक उत्साहित नजर आए। अपने बच्चों को मंच पर प्रस्तुति देते देख अभिभावकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

बच्चों की प्रतिभा देख सीबीएसई अधिकारी हुए प्रभावित
कार्यक्रम में शामिल सीबीएसई भोपाल रीजन के रीजनल ऑफिसर थांगकोट माटे ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई। कार्यक्रम ने उनके बचपन की यादें भी ताजा कर दीं।
वहीं, स्कूल के चेयरमैन डॉ. एल.एन. मालवीया ने आयोजन की सफलता पर अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्कूल का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना है। उन्होंने भविष्य में बोनी फोई स्कूल का विस्तार अन्य स्थानों पर करने की योजना भी साझा की, ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाई जा सके।

बच्चों की फरमाइश पर चेयरमैन ने गाया किशोर कुमार का गाना
वार्षिकोत्सव का सबसे दिलचस्प और यादगार पल तब आया, जब बच्चों की फरमाइश पर स्कूल के चेयरमैन डॉ. एल.एन. मालवीया ने मंच पर माइक संभाला और दिग्गज गायक किशोर कुमार का गाना सुनाकर सभी को चौंका दिया। उनकी गायकी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। बड़े भाई की गायकी देखकर स्कूल के वाइस चेयरमैन एस.एन. मालवीया भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने भी अपनी आवाज में गीत सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। स्कूल की डायरेक्टर शिवांगी शर्मा ने भी अपनी मनमोहक गायकी से समारोह की रौनक बढ़ाई। कार्यक्रम के दौरान दोनों भाइयों ने एक साथ मंच पर गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी इस जुगलबंदी ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया और हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। स्कूल प्रबंधन का यह आत्मीय और उत्साहपूर्ण अंदाज वार्षिकोत्सव का विशेष आकर्षण रहा।
बच्चों की प्रस्तुतियों की अभिभावकों ने की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की। चार युगों की अवधारणा को जिस खूबसूरती से विद्यार्थियों ने मंच पर उतारा, उससे अभिभावक काफी प्रभावित नजर आए। उनका कहना था कि स्कूल बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर भी दे रहा है।
कुल मिलाकर बोनी फोई स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘युगांतर 2026’ कला, संस्कृति, शिक्षा और संस्कारों का शानदार संगम बनकर सामने आया। जहां विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीता, वहीं मालवीय ब्रदर्स और डायरेक्टर शिवांगी शर्मा की गायकी ने समारोह को यादगार बना दिया।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
