मंगलवार, 28 जुलाई 202611:53:14 PM
Download App
Home/देश

गुजरात में मानसून का रौद्र रूप : मूसलाधार बारिश से कई जिले जलमग्न, असम में भी भारी तबाही, इन राज्यों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 25, 2026
07:17 AM
मूसलाधार बारिश से कई जिले जलमग्न, असम में भी भारी तबाही, इन राज्यों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली। मानसून ने गुजरात में एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। लगातार हो रही भारी बारिश से राज्य के कई जिले जलमग्न हो गए हैं। उत्तर गुजरात और दक्षिण गुजरात के अनेक इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। सड़कों पर पानी भरने, निचले इलाकों में जलभराव और यातायात बाधित होने की खबरें सामने आ रही हैं।

अब तक बाढ़ प्रभावित इलाकों से 40,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। बारिश से जुड़े हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई है। अहमदाबाद में आज सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

गुजरात में भारी बारिश से 38,000 लोग विस्थापित; सेना और एनडीआरएफ ने बचाव  अभियान शुरू किया - द हिंदू

पूर्वी भारत में भी बरसेंगे बादल

गुजरात के अलावा पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 25 से 30 जुलाई के बीच अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बिहार में 28 से 30 जुलाई और ओडिशा में 25 से 28 जुलाई के बीच तेज बारिश का अनुमान है। असम में बाढ़ से पिछले 24 घंटे में 14 लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है। राज्य के 12 जिलों में बाढ़ से 7.05 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं।

यूपी में 15 दिनों से बारिश का दौर जारी, 30 जिलों के लिए चेतावनी

उत्तर प्रदेश में पिछले 15 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसे देखते हुए शनिवार को राज्य के 30 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इधर, राजस्थान में भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। अमरनाथ यात्रा खराब मौसम के कारण 6 दिनों तक स्थगित रहने के बाद शनिवार को फिर से शुरू हो गई।

बनासकांठा में सबसे ज्यादा बारिश, कई जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने गुजरात के बनासकांठा, पाटन और कच्छ जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 41 से 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। 25 से 28 जुलाई के दौरान उत्तरी ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटीय क्षेत्रों के साथ उत्तरी बंगाल की खाड़ी में समुद्र उग्र रहने की संभावना है। इसके अलावा अंडमान सागर, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठ सकती हैं। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

अगले 2 दिन के मौसम का हाल

26 जुलाईः

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, सेंट्रल महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, अमस, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में बारिश का यलो अलर्ट है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, बिहार झारखंड और ओडिशा के कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, कर्नाटक में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है।

कर्नाटक, तेलंगाना और कोस्टल आंध्रप्रदेश में तेज हवाएं चल सकती हैं।

27 जुलाईः

हिमाचल, उत्तराखंड, गुजरात रीजन, ओडिशा के ओरेंज अलर्ट है।

ईस्ट मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है।

वेस्ट मध्यप्रदेश, वेस्ट राजस्थान, वेस्ट उत्तरप्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु, तेलंगाना, के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें