सेवा संकल्प से जीवनदान : पीएम मोदी के जन्मदिन पर मप्र में रक्तदान का महाअभियान, जेपी अस्पताल पहुंचे सीएम मोहन ने कही यह बात

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर मध्य प्रदेश में सेवा और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में रक्ततदान शिविर का आयोजन किया गया। पार्टी की अपील पर जिलों में करीब 290 से अधिक स्थनों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर ब्लड डोनेट किया। राजधानी भोपाल के जेपी अस्पताल में आयोजित किए गए रक्तदान शिविर में मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव पहुंचे। जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। रक्तदान जीवन का सबसे बड़ा दान है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लोगों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

6744 यूनिट रक्तदान की जानकारी
अभियान के तहत प्रदेशभर में आयोजित शिविरों में अब तक 6744 यूनिट रक्तदान होने की जानकारी सामने आई है। अलग-अलग स्थानों पर आयोजित शिविरों में युवाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। आयोजकों का उद्देश्य रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना भी है।
जरूरतमंदों के लिए बनेगा सहारा
रक्त की आवश्यकता अक्सर दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन और आपातकालीन चिकित्सा परिस्थितियों में होती है। ऐसे में रक्तदान शिविरों के माध्यम से एकत्र किया गया रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोगी साबित हो सकता है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित यह पहल सामाजिक सहभागिता और जनसेवा की भावना को बढ़ावा देने पर केंद्रित रही। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुए आयोजनों में लोगों की भागीदारी से रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
