शनिवार, 4 जुलाई 202607:54:24 PM
Download App
Home/देश

मप्र में मेहरबान मानसून : मौसम विभाग का अनुमान, अगले चार दिनों तक जमकर बरसेंगे मेघ आज तरबतर होंगे डेढ़ दर्जन जिले

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 04, 2026
07:17 AM
मौसम विभाग का अनुमान, अगले चार दिनों तक जमकर बरसेंगे मेघ आज तरबतर होंगे डेढ़ दर्जन जिले

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। इतना ही नहीं मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में उम्मीद से अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं आईएमडी ने आज प्रदेश डेढ़ दर्जन जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। खंडवा और बड़वानी को अलर्ट पर रखा गया है। इन दोनों जिलों में अगले 24 घंटे में अत्यधिक बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार रतलाम, उज्जैन, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, खरगोन, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा और बालाघाट में अति भारी वर्षा की संभावना है। वहीं इंदौर, देवास, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर और पांढुर्णा सहित कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, सागर, रीवा और जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा का दौर बना रहने की संभावना है।

बीते 24 घंटे में भीगे 25 जिले

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इंदौर में सबसे अधिक करीब सवा दो इंच वर्षा हुई, जबकि भोपाल में लगभग डेढ़ इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। मंडला, बालाघाट, बैतूल, नर्मदापुरम, दतिया, रतलाम और शिवपुरी सहित कई जिलों में भी अच्छी वर्षा हुई। लगातार बारिश से मौसम सुहावना हो गया और अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।

जुलाई में तेज होगा मानसून, अगले चार दिन बरसेंगे बादल

हालांकि प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 13 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज हुई है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि जुलाई में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इसी महीने प्रदेश की कुल मानसूनी वर्षा का बड़ा हिस्सा होने की संभावना है, जिससे बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई स्थानों पर तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की है। मानसून की यह सक्रियता किसानों के लिए भी राहतभरी मानी जा रही है, क्योंकि इससे खरीफ फसलों की बुवाई और सिंचाई को गति मिलेगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें