मप्र में बदलेगा मौसम का मिजाज, : राहत की बारिश लेकर आया मानूसन, ग्वालियर-चंबल अब भी इंतजार में, अलर्ट पर कई जिले

भोपाल। मध्य प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने बुधवार को प्रदेश में दस्तक दे दी है। सबसे बड़ी राहत बात यह है कि अगले 48 से 72 घंटे में इसका असर पूरे जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो रही हैं, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। हालांकि ग्वालियर-चंबल संभाग में मानसून सबसे अंत में पहुंचेगा।
46 जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 46 जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, सागर और बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
इन जिलों में पहुंच चुका है मानसून
मौसम विभाग ने अलीराजपुर, बड़वानी, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी जिलों में मानसून के पहुंचने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले दो से चार दिनों के भीतर मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा।
कुछ इलाकों में उमस और लू का असर बरकरार
जहां एक ओर कई जिलों में बारिश की संभावना है, वहीं नीमच, मंदसौर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, रीवा और सिंगरौली में अभी उमस भरा मौसम बना रह सकता है। वहीं सीधी जिले में लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
बारिश का आंकड़ा अभी भी सामान्य से कम
मानसून के देर से आने का असर शुरुआती बारिश के आंकड़ों में साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश में 1 जून से 24 जून तक औसतन 84.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 42 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 50 प्रतिशत कम है। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर समेत 48 जिलों में बारिश का स्तर अभी भी सामान्य से नीचे है।
अगले दिनों में पूरी हो सकती है कमी
मौसम विभाग का मानना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ आगामी तीन दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होगी। इससे वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है और किसानों समेत आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल प्रदेश में मानसून की दस्तक ने मौसम का रुख बदल दिया है और आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज होने के संकेत हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
