शनिवार, 11 जुलाई 202607:18:00 PM
Download App
Home/देश

मप्र में तीन दिनों तक फुहारों का दौर : 14 के बाद फिर होगी मानसून की जोरदार वापसी, आज 55 जिलों में पडेंगी हल्की बौछारें

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 11, 2026
07:53 AM
14 के बाद फिर होगी मानसून की जोरदार वापसी, आज 55 जिलों में पडेंगी हल्की बौछारें

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग की मानें तो सक्रिय मानसूनी सिस्टम कमजोर पड़ने से अगले तीन दिनों तक सूबे में मूसलाधार बारिश से राहत रहेगी। वहीं 14 जुलाई के बाद फिर प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा। कई जिले मूसलाधार बारिश से तरबतर होंगे। मौसम विभाग ने आज शनिवार को प्रदेश सभी 55 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

बता दें कि जून में सामान्य से कम बारिश होने के बावजूद जुलाई के शुरुआती नौ दिनों में हुई अच्छी वर्षा ने पूरे प्रदेश की स्थिति बदल दी है। अब तक मध्य प्रदेश में लगभग 240 मिलीमीटर (करीब 9.5 इंच) बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य 222.1 मिलीमीटर से लगभग 8 प्रतिशत अधिक है। झमाझम बारिश के बाद बीते दो दिनों से मानूसन राहत की सांस ले रहा है, लेकिन दो-तीन दिन बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होगा।

पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर अगले सप्ताह मध्य प्रदेश पर भी पड़ेगा। इसके प्रभाव से 14 जुलाई के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से अच्छी और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यह सिस्टम मानसून को दोबारा मजबूती देगा।

देवास सबसे आगे, कई जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा

इस मानसून सीजन में देवास सबसे अधिक बारिश वाला जिला बना हुआ है, जहां सामान्य से 115 प्रतिशत अधिक, यानी करीब 18 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई है। हरदा में 15 इंच, इंदौर और सीहोर में 14 इंच तथा भोपाल में 13.1 इंच बारिश हो चुकी है। वहीं आलीराजपुर में अब तक सबसे कम, लगभग 2.25 इंच वर्षा दर्ज हुई है।

खरीफ फसलों के लिए राहत की खबर

विशेषज्ञों के मुताबिक लगातार हो रही तेज बारिश से कई जिलों के खेतों में जलभराव की स्थिति बन गई थी, जिससे खरीफ फसलों में सड़न और नुकसान का खतरा बढ़ रहा था। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आएगी। इससे खेतों में जमा अतिरिक्त पानी निकल सकेगा और फसलों की बढ़वार बेहतर होगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें