सोमवार, 17 अगस्त 202603:14:47 PM
Download App
Home/देश

आतंकी नेटवर्क पर सबसे बड़ा वार! : 14 राज्यों से 200 से ज्यादा दहशतगर्द गिरफ्तार, शाह की हुंकार-आतंकवाद पर जारी रहेगा जीरो टालरेंस

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 17, 2026
10:44 AM
14 राज्यों से 200 से ज्यादा दहशतगर्द गिरफ्तार, शाह की हुंकार-आतंकवाद पर जारी रहेगा जीरो टालरेंस

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित शाहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी बहु-राज्यीय कार्रवाई करते हुए आतंकी सिंडिकेट की कमर तोड़ने का दावा किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुताबिक, देश के 14 राज्यों में एक साथ चलाए गए अभियान में 253 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जबकि नेटवर्क से जुड़े 200 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

14 राज्यों में एक साथ चला अभियान

गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस से पहले आईएसआई समर्थित आतंकी समूह के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने अलग-अलग राज्यों में समन्वित अभियान चलाकर नेटवर्क की गतिविधियों और उसके हमले के मंसूबों को नाकाम किया।

अभियान में उत्तर प्रदेश से 62, हरियाणा से 52, दिल्ली से 51 और पंजाब से 44 लोगों को हिरासत में लिया गया। राजस्थान में 15, महाराष्ट्र में 8, उत्तराखंड में 5 तथा कर्नाटक, गुजरात और बिहार में तीन-तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में भी दो-दो लोगों को पकड़ा गया।

हथियारों के साथ जासूसी का सामान बरामद

सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई में आईईडी, पाकिस्तान आयुध कारखाने की निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा निगरानी और जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सीसीटीवी कैमरे भी मिले हैं।

जांच के मुताबिक, यह नेटवर्क स्थानीय सहयोगियों की मदद से पुलिस, रक्षा प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की रेकी कराता था। इसके बाद संभावित हमलों के लिए जानकारी जुटाई जाती थी।

ग्रेनेड और पेट्रोल बम से हमले की साजिश

शाहजाद भट्टी नेटवर्क पर भारत में ग्रेनेड, आईईडी और पेट्रोल बम हमलों के साथ-साथ लक्षित हत्याओं की साजिश में शामिल होने का आरोप है। बताया गया है कि नेटवर्क स्थानीय लोगों को धन देकर अपने लिए काम करवाता था और उनके जरिए संवेदनशील स्थानों की निगरानी कराता था।

80 से ज्यादा मामले, 200 से अधिक गिरफ्तारियां

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार अब तक नेटवर्क के खिलाफ 80 से अधिक प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं और 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं। ये मामले गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता, शस्त्र अधिनियम, स्वापक औषधि एवं मनरूप्रभावी पदार्थ अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज किए गए हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें