रविवार, 27 सितंबर 202611:27:51 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

11 सितंबर की चोरी का खुला राज : ऑटो में लगे विज्ञापन वाले हुड से खुला 45 लाख की चोरी का राज, दो सगे भाई और एक महिला गिरफ्तार

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Sep 27, 2026
08:07 AM
ऑटो में लगे विज्ञापन वाले हुड से खुला 45 लाख की चोरी का राज, दो सगे भाई और एक महिला गिरफ्तार

जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में 45 लाख रुपये के जेवर चोरी के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की वारदात के बाद जांच के दौरान सामने आए एक नीले रंग के ऑटो और उस पर लगे विज्ञापन वाले हुड ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

11 सितंबर की रात हुई थी चोरी

पनागर थाना पुलिस के अनुसार ग्राम लमती निवासी गगन शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 सितंबर की रात चोर उनके घर से करीब 45 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज में दिखा नीला ऑटो

एडिशनल एसपी जबलपुर जितेंद्र सिंह के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक नीले रंग का ऑटो डिवाइडर क्रॉस करता हुआ दिखाई दिया। खास बात यह थी कि ऑटो पर एक कंपनी के विज्ञापन वाला हुड लगा हुआ था।

पुलिस ने इसी सुराग के आधार पर ऑटो की पहचान शुरू की। जांच में सामने आया कि यह ऑटो गोसलपुर निवासी दुर्गेश तिवारी का था। इसके बाद पुलिस ने ऑटो और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई।

दो भाइयों तक पहुंची पुलिस की जांच

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने ग्राम केवलारी निवासी अभिषेक चौबे और उसके भाई आशीष चौबे को पकड़ा। पूछताछ में पुलिस को चोरी से जुड़े कई अहम सुराग मिले। पुलिस के अनुसार, ऑटो आशीष चौबे चलाता था।

इसके बाद पुलिस ने आशीष की पत्नी ज्योति से भी पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि ज्योति के घर में छिपाकर रखे गए चोरी के जेवर बरामद किए गए।

चोरी के जेवरों का किया गया बंटवारा

पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए जेवरों को आपस में बांटा गया था। पुलिस के मुताबिक, आशीष की पत्नी ज्योति ने एक-एक चेन और कुछ जेवर दोनों भाइयों को दिए थे। वहीं कुछ सामान उसके साले दुर्गेश तिवारी को दिए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, ज्योति ने चोरी के कुछ जेवर खुद भी पहने थे। जांच के दौरान पुलिस ने उसके घर से छिपाकर रखे गए जेवर बरामद किए हैं।

बिहार से लौटते ही अभिषेक गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में फरार चल रहे अभिषेक चौबे को बिहार से लौटने के बाद गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी किए गए अन्य सामान और मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है।

पनागर पुलिस की जांच में CCTV फुटेज में नजर आए विज्ञापन वाले ऑटो के हुड की पहचान इस मामले में अहम कड़ी साबित हुई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें