पाकिस्तान ने अफगास्तिान पर की फिर की एयरस्ट्राइक : हवाई हमले में तीन की मौत और कई घायल, कुनार-पक्तिका प्रांत में बरसाए बम, इमारतें भी नष्ट

नई दिल्ली। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। पाकिस्तानी सेना ने सोमवार तड़के अफगानिस्तान के उत्तर-पूर्वी कुनार और पक्तिका प्रांत को टारगेट कर हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में जहां तीन लोगों के मौत होने की खबर है। वहीं कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हमले में कई इमारतें भी नष्ट हुई है। यह जानकारी टोलो न्यूज ने सोमवार को एक प्रांतीय अधिकारी के हवाले से दी गई है। हमले के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव की आशंका और बढ़ गई है।
यह हमला क्यों किया गया है?
माना जा रहा है कि यह सैन्य हमला उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक पुलिस स्टेशन परिसर में हुए आत्मघाती बम धमाके के जवाब में किया गया है। इससे यह आशंका बढ़ गई है कि पड़ोसी देशों के बीच तनाव एक बार फिर खुली लड़ाई में बदल सकता है। अफगानिस्तान के सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तानी वायुसेना ने सोमवार तड़के पूर्वी अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांतों को निशाना बनाया। दोनों प्रांत पाकिस्तान की सीमा से सटे हुए हैं।
कुनार प्रांत के सूचना एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख नजीबुल्लाह हनीफ ने बताया कि नूरगल जिले में स्थानीय समयानुसार सुबह करीब तीन बजे हवाई हमला हुआ। इस कार्रवाई में तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए। अधिकारियों के अनुसार, बमबारी के दौरान एक इमारत भी तबाह हो गई।
पक्तिका में दो हवाई हमलों की जानकारी
यूएनबी की रिपोर्ट के मुताबिक, पक्तिका प्रांत के स्थानीय अधिकारियों ने टोलो न्यूज को बताया कि बरमल जिले में सोमवार तड़के करीब चार बजे दो हवाई हमले किए गए। हालांकि, इन हमलों में फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय स्तर पर नुकसान का आकलन और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने का इंतजार है।
पुलिस चैकी पर हमले के बाद बढ़ा तनाव
पाकिस्तान की यह सैन्य कार्रवाई उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक पुलिस चैकी पर हुए हमले के दो दिन बाद सामने आई है। घटनाक्रम ने दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव को और बढ़ा दिया है। सीमा पार हमलों और सुरक्षा संबंधी आरोपों के बीच अफगानिस्तान और पाकिस्तान के रिश्ते लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
