शुक्रवार, 15 मई 202610:04:29 AM
Download App
Home/मनोरंजन

मां बनी नहीं कि करियर खत्म! : रुबीना दिलैक ने खोली मनोरंजन जगत की सोच की पोल

admin

admin

May 15, 2026
07:13 AM
रुबीना दिलैक ने खोली मनोरंजन जगत की सोच की पोल

मुंबई। चमक-दमक और ग्लैमर से भरी टीवी इंडस्ट्री के पीछे एक ऐसी सच्चाई छिपी है, जिस पर अक्सर पर्दा डाल दिया जाता है। मां बनने के बाद अभिनेत्रियों के करियर पर लगने वाला “ब्रेक” आज भी इंडस्ट्री की पुरानी सोच का हिस्सा बना हुआ है। अभिनेत्री रुबीना दिलैक ने इसी मानसिकता पर खुलकर सवाल उठाए हैं।

रुबीना का कहना है कि आज भी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री नई मां बनी अभिनेत्रियों को लेकर भरोसा नहीं दिखाती। मेकर्स को लगता है कि बच्चे को जन्म देने के बाद अभिनेत्री में पहले जैसी ऊर्जा, मेहनत और जुनून नहीं बचता। यही वजह है कि कई कलाकारों को मां बनने के बाद काम मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

“स्टैमिना खत्म हो गया” वाली सोच पर उठाए सवाल

रुबीना ने कहा कि समाज और इंडस्ट्री दोनों ही महिलाओं को एक तय दायरे में देखने के आदी हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि कई बार मेकर्स यह मान लेते हैं कि मां बनने के बाद अभिनेत्री अब लंबे शूटिंग शेड्यूल या कठिन काम संभाल नहीं पाएगी। रुबीना ने कहा कि स्टडीज में सामने आया है कि बड़ी संख्या में महिलाएं प्रेग्नेंसी के बाद काम पर वापस नहीं लौट पातीं, क्योंकि उन्हें स्वीकार करने की मानसिकता अब भी विकसित नहीं हुई है। उनके मुताबिक, महिलाओं को कमजोर समझना सिर्फ घरेलू सोच नहीं बल्कि प्रोफेशनल दुनिया की भी हकीकत है।

“हर कदम पर जज होती हैं महिलाएं”

अभिनेत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं पर समाज लगातार दबाव बनाता है। उन्हें हर फैसले के लिए जज किया जाता है। चाहे करियर चुनना हो, शादी करना हो या मां बनना - हर मोड़ पर महिलाओं को खुद को साबित करना पड़ता है। रुबीना के मुताबिक, कई महिलाएं इस दबाव में अपना आत्मविश्वास खो बैठती हैं, क्योंकि उन्हें यह महसूस कराया जाता है कि अब उनकी प्राथमिकताएं बदल चुकी हैं और करियर उनके लिए “सेकेंडरी” हो गया है।

मां बनने के बाद भी जारी है रुबीना का सफर

दो बेटियों की मां बनने के बाद भी रुबीना लगातार अपने प्रोफेशनल करियर में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें काम करने के मौके मिल रहे हैं। साथ ही वह दूसरी महिलाओं के लिए भी एक सकारात्मक उदाहरण बनना चाहती हैं।

रुबीना का मानना है कि मां बनने के बाद जिंदगी खत्म नहीं होती और न ही सपनों पर ताला लग जाता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अगर अवसर और समर्थन पाएंगी तो वे परिवार और करियर दोनों को बेहतरीन तरीके से संभाल सकती हैं। गौरतलब है कि रुबीना जल्द ही खतरों के खिलाड़ी में नजर आने वाली हैं, जहां वह एक बार फिर अपने दमखम का परिचय देती दिखाई देंगी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें