रविवार, 2 अगस्त 202611:20:49 PM
Download App
Home/देश

मोदी के खिलाफ गाली पर भड़कीं भूमि पेडनेकर, : बोलीं- विरोध करो, लेकिन मर्यादा मत भूलो, जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद वायरल वीडियो पर अभिनेत्री का फूटा गुस्सा

admin

admin

Aug 02, 2026
11:07 AM
बोलीं- विरोध करो, लेकिन मर्यादा मत भूलो, जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद वायरल वीडियो पर अभिनेत्री का फूटा गुस्सा

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर हुए सीजेपी (CJP) के प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो को लेकर अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। वायरल वीडियो में कुछ युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए देखा गया। इस पर भूमि ने कहा कि लोकतांत्रिक आंदोलन का उद्देश्य व्यवस्था में सुधार लाना होना चाहिए, न कि गाली-गलौच के जरिए अपनी बात रखना।

'सुधार की शुरुआत हुई है'

रविवार को इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में भूमि ने कहा कि देश का हर नागरिक चाहता है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार हो और जिन कमियों की वजह से छात्रों को नुकसान उठाना पड़ा, उन्हें दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं के बाद कुछ सकारात्मक कदम भी उठाए गए हैं। एंटी पेपर लीक कानून लागू हुआ है, फास्ट ट्रैक कोर्ट बने हैं और आने वाले समय में भी सुधार की उम्मीद है।

'आंदोलन की कई मांगों से सहमत हूं'

भूमि ने कहा कि वह आंदोलन की कई मांगों से सहमत हैं क्योंकि छात्रों ने अपनी जान गंवाई है और व्यवस्था में बदलाव जरूरी है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन में ऐसे ठोस और व्यवस्थित सुझाव कम नजर आए, जिनसे भविष्य में ऐसी घटनाओं को पूरी तरह रोका जा सके। उनके मुताबिक बायोमैट्रिक जैसी तकनीकों का बेहतर इस्तेमाल परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बना सकता था।

'तकनीक पर बहस होनी चाहिए थी'

अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि प्रदर्शन खत्म होने के बाद शिक्षा सुधार, तकनीक और परीक्षा व्यवस्था में बदलाव पर गंभीर चर्चा होगी। लेकिन इसके बजाय सोशल मीडिया पर गाली-गलौच और व्यक्तिगत हमलों का दौर शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन उसकी अभिव्यक्ति सभ्य भाषा में होनी चाहिए।

'यह हमारी संस्कृति नहीं'

भूमि ने साफ कहा कि देश के प्रधानमंत्री या किसी भी व्यक्ति के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल भारतीय संस्कृति और सभ्यता के खिलाफ है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई अपने घर के बड़े-बुजुर्गों से भी इसी तरह बात करता है? उन्होंने कहा कि असहमति लोकतंत्र की ताकत है, लेकिन उसकी अभिव्यक्ति सम्मान और मर्यादा के साथ होनी चाहिए।

वीडियो के बाद ट्रोल हुईं भूमि

भूमि पेडनेकर का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने उनकी बात का समर्थन किया, जबकि कई यूजर्स ने उन्हें सरकार समर्थक बताते हुए ट्रोल किया। कुछ ने व्यक्तिगत टिप्पणियां भी कीं, हालांकि अभिनेत्री ने ट्रोलिंग पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें