सोनल दिनुषा का बल्ला उगल रहा आग : कोलंबो में ऐतिहासिक शतक जड़ दिग्गजों वाला बनाया महारिकार्ड, कई और बड़ी उपलब्धियां की अपने नाम

कोलंबो। भारत के खिलाफ श्रीलंका के युवा बल्लेबाज सोनल दिनुषा का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 25 वर्षीय दिनुषा ने शानदार शतक जड़ते हुए कई बड़ी उपलब्धियां अपने नाम कर लीं। उन्होंने 147 गेंदों पर 103 रन की बेहतरीन पारी खेली। हालांकि, उनकी शतकीय पारी श्रीलंका को फॉलोऑन से नहीं बचा सकी और पूरी टीम 290 रन पर सिमट गई।
प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर पूरा किया शतक
दिनुषा ने तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर शानदार पुल शॉट खेलकर चैका लगाया और अपना शतक पूरा किया। सैकड़ा पूरा होते ही उन्होंने बल्ले को चूमा, हेलमेट उतारा और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। उनकी इस पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय गेंदबाजों के सामने वह श्रीलंका के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरे हैं। इस श्रृंखला में दिनुषा का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में 100 रन और दूसरी पारी में 84 रन बनाए थे। अब कोलंबो में 103 रन की पारी के साथ श्रृंखला में उनके स्कोर 100, 84 और 103 हो गए हैं।
जयसूर्या और जयवर्धने जैसे दिग्गजों के क्लब में
भारत के खिलाफ लगातार टेस्ट मैचों में शतक लगाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाजों की विशेष सूची में दिनुषा भी शामिल हो गए हैं। उनसे पहले अरविंद डी सिल्वा और कुमार संगकारा तीन-तीन बार, जबकि सनथ जयसूर्या, महेला जयवर्धने, थरंगा परानाविताना और एंजेलो मैथ्यूज दो-दो बार यह कारनामा कर चुके हैं। दिनुषा ने भारत के खिलाफ अपने शुरुआती दो टेस्ट मैचों में ही दो शतक लगाकर एक और दुर्लभ उपलब्धि हासिल की है। वह ऐसा करने वाले दुनिया के केवल आठवें बल्लेबाज बन गए हैं।
दिग्गजों की सूची में आठवां नाम
भारत के खिलाफ शुरुआती दो टेस्ट में दो शतक लगाने वालों में एवर्टन वीक्स, गैरी सोबर्स, जहीर अब्बास, दुलीप मेंडिस, रॉबिन स्मिथ, गैरी कर्स्टन और जेसी राइडर जैसे दिग्गज शामिल हैं। अब इस प्रतिष्ठित सूची में सोनल दिनुषा का नाम भी जुड़ गया है। हालांकि, उनकी पारी का अंत भारतीय ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने किया और केएल राहुल ने उनका कैच लपका। दिनुषा के आउट होने के बाद भी उनका शतक इस मुकाबले की सबसे बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियों में शामिल रहा।
शतक के बावजूद श्रीलंका पर फॉलोऑन
भारत ने अपनी पहली पारी 503 रन पर नौ विकेट के स्कोर पर घोषित की थी। इसके जवाब में श्रीलंका 290 रन ही बना सका। फॉलोऑन से बचने के लिए उसे 304 रन बनाने थे। इस तरह दिनुषा के शानदार शतक के बावजूद श्रीलंका भारतीय टीम के सामने पहली पारी में 213 रन पीछे रह गया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
